पानीपत। साइबर अपराधी विभिन्न तरीकों से ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पानीपत कोर्ट परिसर में टाइपिस्ट के क्रेडिट कार्ड की जानकारी जुटाकर ठगों ने खाते से लगभग दो लाख रुपये निकाल लिए। टाइपिस्ट ने साइबर अपराध थाना पुलिस को इसकी शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मतलौडा निवासी रामबिलास तायल ने बताया कि वो कोर्ट परिसर में टाइपिस्ट है। तीन नवंबर 2023 को उसका नया क्रेडिट कार्ड बनकर आया था। उसके पास एक कॉल आई। कॉलकर्ता ने खुद को बैंक कर्मी बताया और क्रेडिट कार्ड चालू करने के नाम पर उससे कुछ डिटेल पूछी। कुछ देर बाद उसके खाते से लगभग दो लाख रुपये निकल गए। उसने इसकी शिकायत मतलौडा थाना पुलिस को दी थी। मतलौडा थाना पुलिस ने इस शिकायत को साइबर अपराध थाना पुलिस को ट्रांसफर कर दिया। साइबर अपराध थाना पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है।