समालखा। महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का संचालन करते हुए मनिंदर कौर और शैफाली अग्रवाल ने विद्यार्थियों को सरदार पटेल के संघर्षों व देश निर्माण में उनके योगदान की जानकारी दी। इसके बाद विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली।
प्रबंधक समिति के प्रधान शिव कुमार गर्ग ने कहा कि हमें जाति, धर्म और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। प्रधानाचार्या अलका शर्मा ने विद्यार्थियों को सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कोऑर्डिनेटर रजनी बरेजा और सविता गोयल ने समाज में शांति और सद्भावना बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपप्रधान गौतम गर्ग, मैनेजर धीरज मित्तल व सचिव प्रदीप मित्तल मौजूद रहे।