कैथल। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, हरियाणा की ओर से आयोजित परीक्षा में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), कैथल की छात्रा मुस्कान ने ऑल इंडिया में प्रथम स्थान हासिल कर संस्थान और जिले का नाम रोशन किया है। स्टेनोग्राफी एंड सेक्रेटेरियल असिस्टेंट (हिंदी) ट्रेड की छात्रा मुस्कान ने परीक्षा में 600 में से 600 अंक प्राप्त कर शत-प्रतिशत सफलता हासिल की।
इतना ही नहीं, छात्रा ने प्रायोगिक परीक्षा में भी पूरे अंक प्राप्त किए हैं। इस शानदार उपलब्धि पर संस्थान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें प्रधानाचार्य जगमोहन ने छात्रा मुस्कान को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्रा के परिजनों और अनुदेशक राजेश ढुल को भी बधाई दी। प्रधानाचार्य ने कहा कि मुस्कान की मेहनत, लगन, अनुशासन और समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विद्यार्थियों को अपना लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करनी चाहिए, तभी वे जीवन में बेहतर मुकाम हासिल कर सकते हैं।
अनुशासन और मेहनत को बनाया सफलता का मंत्र
गांव नरड़ निवासी मुस्कान के पिता बलजीत राज मिस्त्री हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। मुस्कान ने अपनी सफलता का श्रेय अनुदेशक राजेश ढुल के मार्गदर्शन और अपने परिजनों के सहयोग को दिया। उसने बताया कि उसने अनुशासन में रहकर नियमित रूप से पढ़ाई की और प्रशिक्षण के दौरान हर विषय पर विशेष ध्यान दिया। उसका सपना भविष्य में आईटीआई में एसएसए हिंदी अनुदेशक बनने का है, ताकि वह अन्य विद्यार्थियों को भी प्रशिक्षण देकर आगे बढ़ने में सहयोग कर सके।
पांच विद्यार्थी पहले भी बन चुके हैं टॉपर
प्रधानाचार्य जगमोहन ने बताया कि संस्थान के लिए यह उपलब्धि विशेष गौरव की बात है। इससे पहले भी राजकीय आईटीआई कैथल के पांच विद्यार्थी ऑल इंडिया स्तर पर टॉप कर चुके हैं। संस्थान के एपीओ पंकज नफरिया, वर्ग अनुदेशक शमशेर मलिक, राकेश कुमार, नरेश पंवार सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने मुस्कान को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्रा की उपलब्धि से संस्थान में खुशी का माहौल है।
संस्थान के एपीओ पंकज नफरिया छात्रा मुस्कान को सम्मानित करते हुए। विज्ञप्ति