पानीपत। महावीर कॉलोनी में एक युवक को उसके दोस्त ने चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। युवक की गर्दन और छाती पर एक के बाद लगभग 6 -7 बार चाकू से हमले किए गए। वारदात की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस महावीर कॉलोनी में पहुंची लोगों से पूछताछ के बाद शव को जिला नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया। देर रात तक परिजन जिला नागरिक अस्पताल में विलाप करते रहे। परिजनों ने पुलिस से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, महावीर कॉलोनी निवासी राजू-20 पुत्र शंभू राम की चाकू से हमला कर हत्या की गई है। हत्या का आरोप उसके दोस्त पर ही है। बताया जा रहा है कि राजू अपने दोस्त राजन के साथ रविवार को महावीर कॉलोनी में शराब पी रहा था इस दौरान दोनों की कहासुनी हो गई। इस दौरान राजन ने अचानक चाकू से उसकी गर्दन पर एक के बाद कई बार हमले कर दिए। राजू चाकू से हुए हमले में खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद राजन मौके से फरार हो गया। लोगों ने खाली प्लॉट में राजू का खून से लथपथ शव देखा। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एफएसएल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने यहां से खून के नमूने एकत्रित किए। राजू को जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। इस वारदात के बाद महावीर कॉलोनी में मातम छाया हुआ है। सिटी थाना पुलिस के साथ-साथ सीआईए की विंग भी आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इस बारे में सिटी थाना प्रभारी राजवीर सिंह का कहना है कि वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। सोमवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम होगा।