पानीपत। जीटी रोड पर सिवाह गांव के पास सोमवार को देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार डाडोला गांव के राहुल (32) की मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि राहुल एक कंपनी में चालक था। वह रोजाना की तरह सोमवार को रात में कंपनी में काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। वह जीटी रोड पर सिवाह गांव के पास पहुंचा तो किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकोंं ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सेक्टर-29 औद्योगिक थाना प्रभारी रोबिन ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।