संवाद न्यूज एजेंसीसमालखा। चुलकाना-समालखा रोड पर बंसल हार्डवेयर के पास शुक्रवार शाम सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार संदीप की मौत हो गई। जबकि पत्नी बाल-बाल बच गई। हादसे के बाद दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। समालखा थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
चुलकाना गांव की पिंकी ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि दो अक्तूबर की शाम करीब 7:15 बजे वह अपने पति संदीप के साथ बाइक से चुलकाना से समालखा की तरफ जा रही थी। बंसल हार्डवेयर के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक में साइड मार दी। ट्राली का जोरदार हिस्सा संदीप के चेहरे पर लगा। इससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में संदीप के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के तुरंत बाद आरोपी चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर भाग गया।
राहगीरों की मदद से बदहवास पत्नी पिंकी अपने पति संदीप को लेकर समालखा के नागरिक अस्पताल पहुंची। संदीप को प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। संदीप की शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।
समालखा पुलिस थाना के प्रभारी महिपाल ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित पत्नी की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
स्टार नाइट से लौट रहीं छात्राओं की कार को बोलेरो ने मारी टक्कर
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। समालखा स्थित पाइट कॉलेज की सेक्टर-11 निवासी छात्राओं की क्रेटा कार को जीटी रोड ऑफिसर कॉलोनी के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो चालक टक्कर मार दी। दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हाे गए। गाड़ी के एयरबैग खुल जाने से कार सवार छात्राएं बाल-बाल बच गईं।
वे सब कॉलेज में आयोजित प्लेबैक सिंगर अमित मिश्रा की स्टार नाइट देखकर लौट रही थी। थाना शहर पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है। एक छात्रा ने बताया कि वे स्टार नाइट देखकर लौट रही थी। उनकी एक साथी को आगे छोड़ना था। वे जीटी रोड पर ऑफिसर कॉलोनी के नजदीक पहुंचे तो बोलेरो चालक ने उनकी क्रेटा कार को टक्कर मार दी। उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। एयरबैग खुलने से चोट लगने से बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बोलेरो गाड़ी रफ्तार अधिक थी। चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया था। बोलेरो चालक को मौके पर ही पकड़ लिया।
आरोप हैं कि लोगों ने बोलेरो की तलाशी ली तो उसमें शराब की बोतल मिली। कार सवार छात्राएं सहम गईं और काफी देर तक क्षतिग्रस्त कार में बैठी रहीं।