पानीपत। सनौली रोड पर छाजपुर कलां गांव के पास एक मोटरसाइकिल की आगे चल रही ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक दोस्त की मौत हो गई। दो इसमें गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवकों का सिवाह गांव के पास निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक युवक की चार माह पहले ही शादी हुई थी। आरोपी ट्रैक्टर ट्राली चालक मौके से फरार हो गया। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने परिजनों के बयानों पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। अब पुलिस आरोपी ट्रैक्टर चालक की धरपकड़ में जुटी है।
छाजपुर कलां गांव निवासी रजनीश कुमार ने बताया कि उसका दोस्त राजेंद्र (25) सेक्टर 29 पार्ट टू में एक कंबल फैक्टरी में काम करता था। वो वीरवार देर शाम को राजेंद्र की मोटरसाइकिल पर पानीपत शहर में आ रहा था। यहां उनको निजी काम था। उनको गांव के अड्डे पर गांव का ही साहिल मिला। वो तीनों मोटरसाइकिल पर चल दिए। मोटरसाइकिल राजेंद्र चला रहा था। डाडोला गांव के फ्लाईओवर पर उनकी मोटरसाइकिल के आगे ट्रैक्टर ट्राली चल रहा था। चालक ने अचानक से ट्रैक्टर मोड़ दिया। उनकी मोटरसाइकिल की ट्रैक्टर में टक्कर हो गई। वो तीनों सड़क पर गिर गए। आरोपी ट्रैक्टर चालक वहां से फरार हो गया। राहगीरों ने उन तीनों को सिवाह गांव के पास एक निजी अस्पताल में भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। उसको और साहिल का यहीं इलाज चल रहा है। राजेंद्र की चार माह पहले शादी हुई थी। वो भाईयों में छोटा था। राजेंद्र की मौत के बाद गांव में मातम पसरा है।