जगाधरी। आईटीआई में दाखिले के लिए रिकॉर्ड आवेदन होना ही विद्यार्थियों के लिए परेशानी बन गया है। चूंकि इसके चलते विद्यार्थियों को पसंद की ट्रेड नहीं मिल पा रही है। पंसद की ट्रेड न मिलने के कारण विद्यार्थी वरीयता सूची में सीट मिलने के बाद भी दाखिला नहीं ले रहे हैं। जिसके चलते दो ऑनलाइन चरणों के बाद नोडल आईटीआई में मात्र 551 सीटों पर ही दाखिले हो पाए हैं। सोमवार तक कुल 550 सीटों पर दाखिले हुए थे। मंगलवार को अंतिम दिन एक विद्यार्थी ने फीस जमा करवाकर दाखिला लिया। जिसके बाद अब नोडल आईटीआई की 797 सीटें खाली हैं।
बुधवार से तीसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। तीसरे चरण की वरीयता सूची में सभी रिक्त सीटें अलॉट नहीं हो पाएंगी। ऐसे में सभी सीटें भरने के लिए संस्थानों को ओपन काउंसलिंग पर निर्भर रहना पड़ेगा। फिलहाल तीसरी वरीयता सूची के लिए विद्यार्थी अपने आवेदन में बदलाव कर रहे हैं। तीसरी वरीयता सूची 22 जुलाई को जारी की जाएगी।
बुधवार को तीसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए हरियाणा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने पोर्टल खोल दिया है। पहले दिन आईटीआई पहुंच कर विद्यार्थियों ने अपने आवेदन में संशोधन किया। परंतु पसंद की ट्रेड न मिलने से विद्यार्थियों में भारी निराशा है। वहीं, दूसरी तरफ वरीयता सूची में पसंद की सीट न मिलने पर दाखिला नहीं लेने वाले विद्यार्थियों को देखकर अन्यों का भी मन बदल रहा है। जिसके बाद ऐसे विद्यार्थी जिन्हें सीट नहीं मिली है वे भी आवेदन में संशोधन करवा रहे हैं। पहले दिन कई विद्यार्थियों ने पहुंचकर अपनी प्राथमिकताओं में बदलाव किया।
बॉक्स
देना पड़ रहा 500 रुपये शुल्क
हरियाणा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से आवेदन में संशोधन के लिए 500 रुपये शुल्क निर्धारित किया है। सीट अलॉट होने के बाद दाखिला न लेने वाले विद्यार्थियों को हर संशोधन पर 500 रुपये शुल्क देना होगा। ऐसे कई विद्यार्थी हैं जिनका नाम पहली वरीयता सूची में आ गया था, परंतु पसंद की ट्रेड नहीं मिली थी। जिस कारण उन्होंने दाखिला नहीं लिया। जिसके बाद उन्हें दूसरी सूची के लिए आवेदन किया। दूसरी सूची में भी यही परेशानी आई। जिसके बाद अब विद्यार्थियों को फिर से 500 रुपये शुल्क देना पड़ेगा। इससे विद्यार्थियों को आर्थिक चोट पहुंच रही है।
वर्जन
तीसरे चरण की ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। पोर्टल पर रिक्त सीटें दिखाई गई हैं। विद्यार्थी अपने आवेदन में 19 जुलाई तक संशोधन कर सकते हैं। 22 जुलाई को तीसरी सूची जारी होगी। इसके बाद ओपन काउंसलिंग की जाएगी।
दीपेश महेंद्रू, प्राचार्य, नोडल आईटीआई।