- जिले में पुलिस ने अपराधियों की सूची की तैयार, खंगाली जा रही कुंडली
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। लगातार बढ़ रही वारदात पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अब एक्शन मोड में आ गई है। जिले में 14 इनामी समेत 50 से अधिक बदमाश पुलिस के रडार पर हैं। सभी थाना क्षेत्रों में पांच बदमाशों की सूची तैयार की गई है। इन सभी बदमाशों को ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत तलाश किया जा रहा है। एसपी ने कहा कि बदमाशों को अब उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाएगा।
प्रदेश में आपराधिक वारदात बढ़ने के बाद डीजीपी ओपी सिंह ने ऑपरेशन ट्रैक डाउन शुरू किया है। जिसके तहत जिले के प्रत्येक थाने में कम से कम पांच बड़े अपराधियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में जिले में 14 इनामी बदमाश पुलिस की गिरफ्तारी से बाहर हैं। इनकी गिरफ्तारी पर पांच से 15 हजार रुपये तक का इनाम घोषित है। इन बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। साथ ही पुलिस ने जिले में लंबे समय से सक्रिय 50 से अधिक बदमाशों की भी सूची तैयार की है। इसके बाद सभी की कुंडली खंगाली जा रही है। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। इसमें क्राइम यूनिट के साथ-साथ थानों की टीम को भी सक्रिय किया गया है।
आरोपी नवदीप है ट्रक चालक, संदीप करता है फैक्टरी में काम
पुलिस ने मुठभेड़ में घायल आरोपियों की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है। आरोपी नवदीप और संदीप विकास नगर में ही रहते हैं। नवदीप ट्रक चालक और संदीप एक फैक्टरी में श्रमिक है। उनकी पड़ोस में रहने वाली संजीव से दोस्ती है। संजीव का मकान के कब्जे का विवाद चल रहा था। इस पर उन्होंने संजीव और एक आरोपी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। चौथे फरार आरोपी के खिलाफ चार से पांच मुकदमे दर्ज हैं। कुछ मुकदमे आर्म्स एक्ट में भी हैं।
डीजीपी के निर्देश पर ऑपरेशन ट्रैक डाउन शुरू किया गया है। बदमाशों की सूची तैयार की गई है। इनमें इनामी बदमाश भी शामिल हैं। जल्द सभी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
-भूपेंद्र सिंह, एसपी पानीपत