पानीपत। दमकल विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल भारी पड़ने लगी। सोमवार को भी जिले में राजाखेड़ी समेत पांच स्थानों पर खेतों में आग लगी। जिसमें 22 एकड़ से अधिक फसल जलकर खाक हो गई। किसानों का कहना है कि आग की सूचना पर विभाग की टीम तुंरत मौके पर नहीं पहुंच पा रही है। विभाग की देरी पर किसानों ने आक्रोश व्यक्त किया है।
सोमवार दोपहर को करीब 11 बजे किसान प्रकाश, निंबरी के किसान नीरज और रामसिंह के गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई। किसानों ने तुरंत ही आग की सूचना दमकल विभाग को दी और खुद भी आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया।
दमकल विभाग की टीम करीब दो घंटे के बाद मौके पर पहुंची। जब तक टीम ने आग पर काबू पाया तक तक प्रकाश के दो एकड़, नीरज के दो एकड़ और रामसिंह के 18 एकड़ गेहूं चलकर खाक हो गए। ग्रामीणों ने दमकल विभाग की देरी पर आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने विभाग पर देरी करने के आरोप लगाए हैं। इसके साथ ही परढ़ाना, इसराना, नारायणा गांव में भी खेतों में आग लगी। जिसमें करीब तीन एकड़ फसल और 10 एकड़ फांस जलकर खाक हो गए।