पानीपत। पानीपत समेत प्रदेश के 13 बाढ़ प्रभावित जिलों में 14 मई को वीरवार को राज्य स्तरीय संयुक्त बाढ़ आपदा मॉक ड्रिल की जाएगी। जिला प्रशासन ने बाढ़ आपदा मॉक डि्रल के लिए जिले में दो प्रमुख स्थलों का चयन किया है।
जिला सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हाल में बुधवार को जिला स्तरीय बैठक में उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने अधिकारियों के साथ चर्चा की। जिला स्तरीय मॉक ड्रिल के लिए पहला समालखा क्षेत्र के बिहोली गांव में बनाया है।
यहां भारी वर्षा के कारण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की इमारत का एक हिस्सा गिरने की स्थिति को दर्शाया जाएगा। विद्यार्थियों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। इस अभ्यास के लिए सब डिविजनल कॉम्प्लेक्स को स्टेजिंग एरिया और पंचायत भवन बिहोली को राहत शिविर बनाया गया है। दूसरा मॉक अभ्यास आईओसीएल रिफाइनरी में आयोजित किया जाएगा। यहां भारी बारिश के चलते सीएलसी नहर में कटाव होने और रिफाइनरी क्षेत्र में जल प्रदूषण की आशंका की स्थिति बनाई जाएगी। संवाद