इसराना (पानीपत)। पानीपत की विधानसभा इसराना से कांग्रेसी विधायक बलबीर वाल्मीकि के बड़े भाई 73 वर्षीय जयभगवान वाल्मीकि सोमवार सुबह से लापता हैं। वह मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाकर घर से निकले थे और फिर लौटे नहीं। दो दिन तक खोजने के बाद परिजनों ने इसराना पुलिस को मामले की सूचना दी।
विधायक बलबीर वाल्मीकि के भाई बीरा की शिकायत पर जयभगवान की गुमशुदगी का केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि वे पांच भाई हैं। दो भाई दिल्ली और तीन भाई गांव गवालड़ा में रहते हैं। सबसे बड़े भाई जयभगवान हैं। वह परिवार के साथ गांव में ही रहते हैं। सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं। सोमवार सुबह सात बजे वह घर से निकले थे और शाम तक नहीं लौटे। उन्होंने सब जगह खोजबीन की पर कोई सुराग नहीं लग रहा है।
भाई के दोस्तों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। लापता भाई को तलाशने के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया। उन्हें थाना इसराना प्रभारी अंकित ने बताया कि गुमशुदगी का केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज आदि से तलाश की जा रही है।
भाई बीरा के मुताबिक, जयभगवान की पत्नी की 15 साल पहले डेंगू से मौत हो गई थी। उनके चार बेटे और चार बेटियां हैं। पिता के लापता होने से सभी परेशान हैं। उधर, धानक बस्ती में रहने वाले ग्रामीण सुभाष ने बीरा को बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे जयभगवान उसके पास आए थे। उन्होंने पांच हजार रुपये लिए और कहा कि राजा लोहार को रुपये लौटाने हैं। पैसे लेने के बाद वह चले गए।