पानीपत। हरियाणा शिक्षा विभाग की महत्वाकांक्षी योजना मिशन बुनियाद लेवल-2 की परीक्षा गुरुवार 29 फरवरी को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए जिले में जिलास्तर पर तीन केंद्र बनाए गए हैं जहां बुनियाद लेवल-1 के परिणाम में चयनित करीब 1100 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को आयोजन सुबह 12.30 बजे से दोपहर 02.30 बजे तक किया जाएगा। परीक्षार्थियाें को एक घंटा पहले 11.30 बजे तक केंद्र पर पहुंचना होगा। शिक्षा विभाग की ओर से परीक्षा के आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक कक्षा-कक्ष में विद्यार्थियों की संख्या अनुसार निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, बुनियाद की परीक्षा हेतु बनाए गए केंद्रों अर्थात विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश रहेगा।
इससे पहले गत 02 फरवरी को आयोजित बुनियाद लेवल-1 परीक्षा का परिणाम 21 फरवरी को जारी किया गया था। बुनियाद लेवल-1 परीक्षा में जिले से 3170 परीक्षार्थियों ने भाग लिया था जिनमें से 1133 विद्यार्थियों का चयन लेवल-2 परीक्षा के लिए हुआ है। लेवल-2 की परीक्षा के आधार पर चयनित विद्यार्थी लेवल-3 की परीक्षा में भाग लेंगे। प्रदेशभर से कुल 3000 विद्यार्थियों को बुनियाद कार्यक्रम में जुड़़ने का मौका मिलेगा।
डीएसएस को बनाया गया नोडल अधिकारी
परीक्षा के समुचित क्रियान्वयन व सुचारू संचालन के लिए जिला विज्ञान विशेषज्ञ को नोडल अधिकारी बनाया गया है। संबंधित विद्यालय मुखिया इस परीक्षा के लिए अधीक्षक के रूप में कार्य करेगा। प्रश्न-पत्र में 50 प्रश्न होंगे, प्रत्येक प्रश्न चार अंक का होगा। परीक्षा पांच कोड में आयोजित की जाएगी। वहीं, परीक्षा में नैगेटिव मार्किंग भी होगी।
इन केंद्रों पर होगी बुनियाद लेवल-2 की परीक्षा
केंद्र परीक्षार्थियों की संख्या
जीजीएसएसएस माॅडल टाऊन 350
जीएमएसएसएसएस जीटी रोड 400
जीएसएसएस तहसील कैंप 350
कुल 1100
वर्जन-
मिशन बुनियाद परीक्षा गुरुवार को आयोजित की जाएगी। जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर 1100 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विद्यार्थियों के पास बुनियाद परीक्षा पास कर आईआईटी व नीट की तैयारी करने का बेहतरीन अवसर है।
- संदीप कुमार, नोडल अधिकारी एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ, पानीपत।