पानीपत। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय निजामपुर में कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट की ओर से बीट द हिट विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के जूनियर और सीनियर वर्ग से लगभग 53 बच्चों ने अपनी तूलिका और रंगों के माध्यम से सुंदर पेंटिंग बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या रेणुका गुप्ता ने की। उन्होंने कहा कि हमें अपनी हवा की शुद्धता बढ़ाने के लिए ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाकर उनकी देखभाल करनी चाहिए। प्रदूषण को कम करने के लिए कम से कम प्रदूषण करने वाले वाहन का प्रयोग करना चाहिए। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. करिश्मा और कलाध्यापक सुरेंद्र राठी ने कहा कि हमें अपने आसपास साफ-सफाई का भी ध्यान रखना चाहिए। व्यक्तिगत स्वच्छता की ओर भी पूरा ध्यान देना चाहिए। पेड़ों की कटाई पर तुरंत प्रभाव से रोक लगनी चाहिए। सरकार और जिला प्रशासन द्वारा बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर कार्यशाला आयोजित करनी चाहिए ताकि उनका पर्यावरण के प्रति लगाव बढ़े। संवाद