पानीपत। मेयर कोमल सैनी ने मंगलवार को निगम के पालिका बाजार स्थित कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों काे प्राॅपर्टी आईडी से संबंधित शिकायतों का जल्द समाधान करने के आदेश दिए। मेयर ने कहा कि इसमें लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
मेयर काेमल सैनी मंगलवार को पालिका बाजार स्थित कार्यालय में पहुंची। उन्होंने रेंट ब्रांच, स्थापना शाखा व वित्तीय शाखा में कार्यप्रणाली को जाना और अधिकारियों व कर्मचारियों से बात की। उन्होंने कहा कि प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित लोगों की शिकायत हैं। ऐसे में इनका समाधान करना जरूरी है। प्रधानमंत्री आवास याेजना में पात्राें के साथ ठीक से व्यवहार किया जाएं। किसी प्रकार की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेयर ने इसके साथ पार्किंग स्थल का भी दाैरा किया। मेयर ने बताया कि पार्किंग से संबंधित शिकायतें मिल रही थी। पार्किंग ठेकेदार को नियमानुसार फीस लेने की सलाह दी है। इसमें फिर शिकायत मिलती है तो ठेका रद्द कर दिया जाएगा।