छोटी बहन समझकर बस एक मौका दे दो। बचे हुए कार्यकाल में सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं को गोशाला पहुंचाने का काम करूंगी। यह शब्द पानीपत की मेयर अवनीत कौर ने जनता के बीच पहुंचकर अपनी गलती मानते हुए और मांफी मांगते हुए कही।
बता दें कि कुछ दिन पहले जीटी रोड पर बेसहारा पशु की टक्कर से पानीपत के कच्चा कैंप निवासी 22 साल के नौजवान मनप्रीत सिंह की मौत तक हो गई थी। शहर में इन पशुओं की वजह से परेशानी बढ़ जाने पर सामाजिक संगठनों के साथ-साथ तमाम लोगों ने कई बार पानीपत नगर निगम के अधिकारियों से जरूरी कदम उठाने का आग्रह किया, लेकिन न तो मेयर, न ही नगर निगम के अधिकारियों ने उनकी सुनवाई की।
मामले में पानीपत शहर के सामाजिक संगठनों ने एलान किया था कि वह 21 अगस्त को शहर में घूम रहे बेसहारा पशुओं को इकट्ठा कर मेयर आवास के बाहर बांधेंगे। सामाजिक संगठनों ने इसके लिए सुबह 11 बजे का समय तय किया था। इससे पहले ही, मेयर अवनीत कौर रविवार को जनता के बीच पहुंच गईं।
बैठक करते हुए।
यहां वह फफक-फफककर खूब रोईं। हाथ जोड़कर जनता से माफी मांगी और अपनी गलती मानी। साथ ही जनता से एक और मौका मांगा। मेयर ने यह मौका अपने बचे हुए कार्यकाल में सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं को गोशाला तक पहुंचाने के लिए मांगा। मेयर अवनीत कौर ने कुछ दिन पहले बेसहारा
पशु की टक्कर से असमय जान गंवाने वाले 22 साल के मनप्रीत के परिवार से भी माफी मांगी। अवनीत कौर ने मनप्रीत के परिवार से कहा कि कुछ व्यस्तताओं की वजह से वह समय पर परिवार के पास दुख जताने नहीं पहुंच पाईं। इसका उन्हें अफसोस है।
बेसहारा पशुओं की संख्या बढ़ने से लोग परेशान
पानीपत शहर में बेसहारा पशुओं की संख्या बढ़ जाने से लोग परेशान हैं। सड़कों पर घूमते इन पशुओं की वजह से लोगों के एक्सीडेंट हो रहे हैं। कुछ दिन पहले भी जीटी रोड पर बेसहारा पशु की टक्कर से पानीपत के कच्चा कैंप निवासी 22 साल के नौजवान मनप्रीत सिंह की मौत तक हो गई थी। शहर में इन पशुओं की वजह से परेशानी बढ़ने पर सामाजिक संगठनों के साथ-साथ तमाम लोगों ने कई बार पानीपत नगर निगम के अधिकारियों से जरूरी कदम उठाने का आग्रह किया लेकिन न तो मेयर अवनीत कौर और न ही नगर निगम के अधिकारियों ने उनकी सुनवाई की।
सोमवार को निगम कमिश्नर और डीसी से कराएंगी मीटिंग
मेयर को जैसे ही इसकी भनक लगी तो वह आनन-फानन सुबह 11:05 बजे ही कृपाल आश्रम पहुंच गईं। सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने कृपाल आश्रम से ही एकत्र होकर मेयर आवास की ओर से कूच का एलान किया था। अवनीत कौर ने कृपाल आश्रम में जमा शहर के सामाजिक संगठनों के लोगों से रोते हुए माफी मांगी और उनका गुस्सा शांत करने का प्रयास किया। मेयर ने कहा कि वह सोमवार को ही पानीपत नगर निगम कमिश्नर और डीसी के साथ शहर में घूम रहे बेसहारा पशुओं को सड़कों से हटाने को लेकर मीटिंग कराएंगी। इस मौके पर कृपाल आश्रम से गुलशन अरोड़ा, समाज सेवा संगठन के मीडिया प्रभारी नरेंद्र नारंग, उपप्रधान रमन खुल्लर, जन सेवा दल से चमन गुलाटी, भूपेंद्र सिंह सग्गू, अमित स्वामी, प्रवीन जैन, राजिंद्र रतन आदि प्रमुख रुप से उपस्थित रहे।