समालखा। राजस्थान के जालौर में घड़े से पानी पीने पर दलित बच्चे को शिक्षक ने पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के विरोध में रविवार को हाथवाला गांव में मोमबत्ती जलाकर मौन जुलूस निकाला गया। हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति इकाई हथवाला, अखिल भारतीय किसान सभा एवं दलित संघर्ष समिति हथवाला ने मिलकर मौन जुलूस निकाला और नुक्कड़ सभा की। किसान सभा के तहसील सचिव कुलदीप त्यागी और ब्रह्मदत त्यागी ने रोष प्रकट किया और अध्यापक के कृत्य की निंदा की। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्ष बीत जाने के बाद भी जातिवाद का दंश समाज से नहीं मिटा है। महिलाओं और दलितों पर हमले बढ़ रहे हैं। इस पर सरकार को कठोर सजा का प्रावधान करना चाहिए। इस मौके पर छात्र इंद्र मेघवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मौन जुलूस में गांव के गणमान्य लोग शामिल हुए। हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति के कोषाध्यक्ष वेद पाल, प्रधान सतीश, प्रवीण, सागर, रविंद्र, नंबरदार रामकरण, सौरभ, सत्यवान, नसीम, सादिक, बालेश्वर, जगदीश आदि मौजूद रहे।