पानीपत। अमृत योजना-1 के तहत निगम के ग्रामीण वार्डों में बचे हुए सीवर-पानी की पाइपलाइन बिछाने और सड़कों को बनाने के प्रोजेक्ट को अब सरकार ने तकनीकी मंजूरी भी दे दी है। ये अनुमति एचईडब्ल्यू पोर्टल पर मिली है। जिससे 10 वार्डों की 28 कॉलोनियों में 125 किलोमीटर लंबी सीवर-पानी लाइन बिछेगी। इसके अलावा सड़क बनाने के प्रोजेक्ट का रास्ता साफ हो गया है।
इस प्रोजेक्ट पर निगम 47. 22 करोड़ का मास्टर प्लान तक तैयार कर चुका है। करीब 17 दिन पहले सरकार ने इस प्रोजेक्ट की वित्तीय और प्रशासकीय अनुमति भी दे दी थी। अब निगम (डीएनआईटी) डिटेल नोटिस इनवाईटिंग टेंडर बनाकर टेंडर लगाने जा रहा है। जिससे ग्रामीण वार्डों के लाखों लोगों को लाभ होगा। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रोजेक्ट का एस्टीमेट बना एक सप्ताह में टेंडर लगाने की तैयारी की जा रही है। वहीं सात माह में इस प्रोजेक्ट को पूरा करने की डेडलाइन भी निर्धारित की जा है। योजना के अंतर्गत बचे हुए वार्ड 2, 4, 5, 6, 7, 13, 21, 24, 25 और 26 की 28 कॉलोनियों में 125 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन , पानी की लाइनों और सड़कों का जाल बिछाया जाएगा।
बता दें कि सरकार ने 2018 में नियमित की 78 कॉलोनियों में इस प्रोेजेक्ट के तहत सीवर, पानी और सड़कें बनाने का काम कराया था। बजट कम रहने की वजह से अधिकारियों ने दोबारा से करीब 47 करोड़ का बजट बनाया। ताकि बचे हुए काम को पूरा किया जा सके।
ये होगा काम:
प्रोजेक्ट में 55 किलोमीटर लंबी सड़कें, 45 किलोमीटर लंबी पीने के पानी की पाइपलाइन और 25 किलोमीटर लंबी सीवर की पाइपलाइन बिछाई जाएगी। ये वो काम होगा जो अमृत योजना के पहले भाग का शेष काम बचा हुआ था। इससे पहले इसी योजना के तहत निगम 413 करोड़ से ग्रामीण विस की इन कॉलोनियों में 278 किलोमीटर लंबी सीवर, 280 किलोमीटर लंबी पानी की पाइपलाइन समेत दो सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जा चुका हैं।
इन कॉलोनियों के लोगों को मिलेगा लाभ
योजना के तहत नूरवाला, देशराज कॉलोनी, विकास नगर, शमशान रोड, बिचपड़ी मोड, श्रीराम चौक, बेरी मस्जिद वाली गली, डाबर कॉलोनी, महादेवी कॉलोनी, एकता कॉलोनी, कश्यप नगर, भगत सिंह नगर, साहिल कॉलोनी, सौंधापुर कॉलोनी, राम नगर, फौजी कॉलोनी, गाबा कॉलोनी, गोपाल कॉलोनी, अर्जुन नगर, कुलदीप नगर, भारत नगर, कच्चा फाटक से राम स्वरूप चौक, राम स्वरूप चौक से आईपीएस तक देव कॉलोनी, हरी नगर, सिद्धार्थ नगर, गंगाराम कॉलोनी, सैनी कॉलोनी, शक्ति नगर और रामपुरा में काम पूरा किया जाएगा।
वर्जन:
अमृत योजना के तहत बचे हुए ग्रामीण विस के वार्डों में सीवर, पानी और सड़कों के 47.22 करोड़ के प्रोेजेक्ट को सरकार ने तकनीकी मंजूरी दे दी है। अब डीएनआईटी तैयार कर इसका टेंडर लगाया जाएगा।
प्रदीप कल्याण, एक्सईएन, नगर निगम।