पानीपत। काबड़ी रोड स्थित सील होम डेकोर्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्टरी में वीरवार तड़के करीब पांच बजे भीषण आग लग गई। आग लगने से फैक्टरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
आग की चपेट में आने से फैक्टरी में रखा तैयार माल, शेड, एयर कंडीशनर और सीसीटीवी कैमरे समेत अन्य सामान जल गया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
विज्ञापन
दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों तक आग फैलने का खतरा टल गया। फैक्टरी निदेशक असीम तनेजा ने बताया कि आग से तैयार माल और अन्य सामान का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि दमकल टीम समय पर नहीं पहुंचती तो नुकसान और अधिक हो सकता था। आग लगने के प्राथमिक कारणों की जांच की जा रही है।
जिला दमकल अधिकारी गुरमेल सिंह ने बताया कि फैक्टरी प्रबंधन से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण-पत्र) मांगी गई है। एनओसी और अन्य जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।