पानीपत। मार्केटिंग बोर्ड बापौली खंड के अत्तोल्लापुर से छाजपुर खुर्द तक नया लिंक रोड बनाने जा रहा है। इस पर विभाग करीब 1.38 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इस रोड से दोनों गांव के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी। वहीं, आसपास के अन्य कई गांव के लोगों को भी राहत मिलेगी। नए रोड से दोनों गांव के बीच की करीब चार किलोमीटर की दूरी अब चंद मिनटों में तय की जा सकेगी। मार्केटिंग बोर्ड की ओर से इसके लिए निविदा आमंत्रित की गई है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस रोड का निर्माण पूरा कराया जाएगा।
इस लिंक रोड से अत्तोल्लापुर के साथ छाजपुर खुर्द की ओर जाने वाले बापौली, बहरामपुर, अधमी, जलालपुर, नन्हेड़ा, गोयला खेड़ा, भालौर, गोयला खुद और संजौली तक के ग्रामीणों को फायदा होगा। वहीं, छाजपुर से अत्तोल्लपुर जाने वाले मोहाली, निंबरी, कुराड़, बबैल और नंगला के ग्रामीणों को भी फायदा होगा। हालांकि अब तक ये ग्रामीण वाया सनौली रोड एक दूसरे गांव में आवगमन करते थे, लेकिन नए लिंक रोड से सनौली रोड का यातायात भी कम होगा और रास्ता भी सुगम होगा।
मार्केटिंग बोर्ड के एक्सईएन विनय रावल का कहना है कि विभाग की ओर से इस काम के लिए टेंडर लगा दिया गया है। विभाग इसे गुणवत्तापूर्वक बनवाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा ग्रामीणों को इस रोड का लाभ मिल सके।