पानीपत। दिवाली में मात्र चार दिन शेष हैं। ऐसे में रिश्तेदारों से लेकर दोस्तों को गिफ्ट देने की प्लानिंग बनने लगी हैं। ज्यादातर लोग मिठाइयों में मिलावट की शिकायतों के कारण गिफ्ट में ड्राई फ्रूट्स व चॉकलेट ज्यादा पसंद कर रहे हैं। वहीं, बाजारों में दुकानदार भी ग्राहकों को रिझाने के लिए कई ऑफर दे रहे हैं। त्योहारी सीजन के बावजूद बाजार सूनसान हैं। जहां दीवाली जैसे सीजन पर बाजार गुलजार हो जाते थे, वहीं इस बार बाजार में एकाध ग्राहकों को छोड़कर सूनापन छाया हुआ है। दुकानदारों का कहना है कि ऑनलाइन शॉपिंग का क्रेज बढ़ने से बाजार में ग्राहक कम हुए हैं। इससे बाजार में मंदी छाने के आसार बने हुए हैं।
दूसरी ओर, ज्यादातर लोग दोस्तों को गिफ्ट देने के लिए ड्राई फ्रूटस को गिफ्ट देना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इस समय बाजार में दुकानदारों के पास 150 रुपये से लेकर दो हजार रुपये तक की ड्राई फ्रूट पैकिंग उपलब्ध है। ड्राई फ्रूट्स विक्रेताओं को उम्मीद है कि इस बार दिवाली अच्छी साबित होगी। इसके लिए स्टॉक भी पूरा कर लिया गया है। गिफ्ट पेकिंग में भी शानदार डिजाइन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। दिवाली पर ड्राई फ्रूट्स के रेट में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। अधिकांश ड्राई फ्रूट्स में 50 से 100 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल बाजार में बादाम 650 रुपये प्रति किलो तक भी मिल रहे थे लेकिन इस बार रेट 700 रुपये से कम नहीं है। अखरोट का भी 700 रुपये रेट था, जो इस बार 800 तक पहुंचा हुआ है। पिस्ता और खुरमानी के मूल्यों में इस बार बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल जहां पिस्ता के रेट 900 थे, वहीं अब 1000 रुपये से ज्यादा इस बार रेट पिस्ता के चल रहे है। वहीं खुरमारी पिछले साल 350 रुपये के करीब थी। लेकिन इस बार खुरमानी के रेट 500 रुपये चल रहे हैं।
दिवाली पर्व पर मिठाई का अपना अलग ही क्रेज है। लगभग सभी घरों में मिठाइयां खरीदी जाती हैं। इसके चलते जिले भर में मिठाई का करोड़ों रुपये का व्यापार होता है। वर्तमान दौर में अधिकांश लोग शुगर के चलते मिठाइयों से परहेज करते थे। जिसे देखते हुए सभी प्रमुख मिठाई विक्रेताओं ने शुगर फ्री मिठाइयां भी तैयार कराई हैं।