पानीपत। दिल्ली-अंबाला रेल लाइन पर सेक्टर-छह के पीछे ब्लू टूथ लगाकर ट्रैक पार कर रहे सैनी कॉलोनी के एक श्रमिक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह दोनों कानों में ब्लू टूथ लगा रहा था। जिसके चलते उसको ट्रेन का हॉर्न भी सुनाई नहीं दिया। जीआरपी ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
हादसा वीरवार देर रात करीब दस बजे का बताया जा रहा है। जीआरपी थाना प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि दिल्ली-अंबाला रेल लाइन पर वीरवार रात को एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त सैनी कॉलोनी निवासी विजय (24) के रूप में की। इसकी सूचना मिलते ही परिजन पहुंचे।
परिजनों ने जीआरपी को बताया कि विजय सेक्टर-24 स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। वह वीरवार रात 10 बजे फैक्टरी से वापस घर आ रहा था। जीआरपी के जांच करने पर युवक के दोनों कानों में ब्लू टूथ मिली।
जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि ब्लू टूथ के चलते उसको हॉर्न सुनाई नहीं दिया होगा। जीआरपी ने शव को शवगृह में रखवा दिया। परिजनों के शुक्रवार को बयान दर्ज किए। जिला नागरिक अस्पताल के ईएनटी डॉ. अंकुर खन्ना ने बताया कि ब्लू टूथ लगातार कई घंटे तक नहीं लगानी चाहिए। अगर मजबूरीवश लगानी भी हो तो इसकी आवाज 60 प्रतिशत से कम रखें। इसके लगातार प्रयोग करने कानों में आवाज आना शुरू हो जाती है। साथ ही कान और सिर में दर्द होना शुरू हो जाता है। व्यक्ति की सुनने की क्षमता भी कम हो जाती है।