पानीपत। दिल्ली-अंबाला रेल लाइन पर सैनी कॉलोनी के नजदीक वीरवार रात को ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मामले की सूचना जीआरपी को मिलने के बाद वह मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाया।
जीआरपी के सब इंस्पेक्टर ऋषि कुमार ने बताया कि रात के समय उन्हें मेमो मिला कि सैनी कॉलोनी कच्ची फाटक के पास अप रेलवे लाइन पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और शिनाख्त करने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की। बाद में युवक की शिनाख्त रूदेली जिला बंदायू उत्तर प्रदेश निवासी प्रदीप के रूप में हुई। शुक्रवार को जीआरपी ने प्रदीप के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया गया। परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि प्रदीप यहां एक फैक्ट्री में काम करता था और काम खत्म करके वह अपने मकान पर जा रहा था तो किसी ट्रेन की चपेट में आ गया।