प्रेमिका के मामा ने प्रेमी और उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज करवाने की धमकी दी तो प्रेमी ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मृतक युवक यूपी के औरैया जिले का रहने वाला था और पानीपत के थर्मल प्लांट में काम करता था। परिजनों ने औरैया के ही रहने वाले प्रेमिका के मामा और उनके परिजनों पर आरोप लगाए हैं। पुलिस को औरैया के भरसेन गांव निवासी ऋषभ ने बताया वह पानीपत के थर्मल प्लांट में काम करता है। यहीं पर उसका भाई गोपाल भी काम करता था।
बुधवार शाम को किया सुसाइड
बुधवार शाम को जब वह काम खत्म कर कमरे पर पहुंचा तो गोपाल का शव फंदे पर लटका हुआ था। उसने करीब नौ बजे पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गुरुवार सुबह गोपाल के परिजन भी अस्पताल में पहुंच गए।
युवक का पांच साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
ऋषभ ने बताया कि गोपाल का करीब पांच साल से एक युवती से प्रेम-प्रसंग था। युवती के मामा उन्हीं के गांव के रहने वाले हैं। जिस कारण दोनों की बात हुई थी। दो दिन पहले परिजनों ने युवती को गोपाल से बात करते हुए पकड़ लिया था। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत उनके परिजनों से की थी।
युवती की माता ने थाने में शिकायत देकर केस दर्ज करवाने की भी धमकी दी थी जिससे गोपाल तनाव में आ गया और उसने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत दी है।