पानीपत। किसान भवन की चौधर को लेकर अब भाकियू जिला प्रधान सोनू मालपुरिया और भाकियू चढूनी जिला प्रधान सुधीर जाखड़ अब खुलकर आमने सामने हो गए हैं। सोनू मालपुरिया की पांच साल की प्रधानी को लेकर सुधीर जाखड़ ग्रुप ने नौ अप्रैल को किसान भवन में महापंचायत तक बुला ली है। दूसरी ओर सोनू मालपुरिया भी अपने गुट के साथ डीसी के पास पहुंचे और सुधीर ग्रुप की किसान भवन में एंट्री बंद करवाने की अपील की।
सुधीर जाखड़ अपने सार्थियों के साथ शुक्रवार को एसपी अजीत शेखावत से मिले। उन्होंने कहा कि पंचायत में जिले से बाहर के लोगों की एंट्री न हो सके, इसलिए आईडी कार्ड, आधार कार्ड या वोटर कार्ड आदि को देखकर ही किसान भवन में अंदर जाने दिया जाए। इस पर पुलिस से उन्हें आश्वासन मिला है।
दूसरी ओर भाकियू चढूनी जिलाध्यक्ष सुधीर जाखड़ गांव गांव जाकर किसानों से महापंचायत में भाग लेने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 40 सालों से बने हुए किसान भवन पर मौजूदा प्रधान सोनू मालपुर कब्जा करने की मंशा रखते हैं। इस षड़यंत्र को कार्यकाल बढ़वाने के नाम पर सफल करना चाहते हैं। जिसकी वजह से किसान भवन का अस्तित्व खतरे में है। किसान नेता नरसी बेनीवाल कवी ने कहा कि पिछले कई दशकों से किसान भवन का प्रधान हर बार अलग अलग ब्लॉक से 2-2 साल के लिए प्रधान बनाने प्रथा बनी हुई है। इस भवन पर व्यक्ति विशेष का कब्जा न हो सके लेकिन मौजूदा किसान भवन का प्रधान सोनू मालपुर ने एक अप्रैल को किसान भवन में धक्काशाही करते हुए इसका कार्यकाल पांच साल करने की घोषणा करके पूरे जिले का मजाक उड़ाया है।
उनके साथ जिला कार्यकारी अध्यक्ष राम सिंह कुुंडू, युवा जिला अध्यक्ष नदीम गुर्जर आनंद जागलान, ब्लॉक समिति मेंबर निशान बिंझोल, मराठा भीम सिंह, होशियार सिंह कवि, रामबीर झट्टीपुर, करतार नंबरदार, सत्ता शाहपुर आदि किसान यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे ।