इसराना। राजकीय कॉलेज इसराना में शुक्रवार को चार दिवसीय हरियाणा स्टेट इंटर कॉलेजिएट रेसलिंग टूर्नामेंट-2024 का आगाज हो गया। जिसमें प्रदेशभर के पहलवानों ने पसीना बहाया और जीत के लिए पूरा दम लगाया। पहले दिन के मुकाबलों में लड़कों के वर्ग के 57 किग्रा. भार वर्ग में गांधी आदर्श कॉलेज . समालखा के शुभम और लड़कियों के 62 किग्राभार वर्ग में एमकेजेके कॉलेज रोहतक की मुस्कान प्रथम रहीं।
राजकीय कॉलेज इसराना में शुक्रवार को टूर्नामेंट के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यातिथि गुरुद्वारा इसराना साहिब से संत बाबा राजेंद्र सिंह खालसा रहे।अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. संदीप कंधवाल ने की और संचालन खेल प्रभारी डॉ. बलिंद्र गुलिया ने किया। मंच संचालन कोच तिलक राज ने किया। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। संत बाबा राजेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि आज खेलों का महत्व बढ़ गया है। युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़ चढ़कर भाग लेना चाहिए। वे खेलों में आगे आकर खुद के साथ समाज व देश का भी नाम रोशन कर सकते हैं। प्राचार्य डॉ. संदीप कंधवाल ने कहा कि युवा वर्ग सोशल मीडिया और अन्य दुर्व्यसनों में फंसता जा रहा है। उनको इन रास्तों को छोड़कर खेलों में आगे आना चाहिए। वे खेलों के क्षेत्र में खुद को साबित कर सकते हैं। खेल प्रभारी डॉ. बलिंद्र गुलिया ने बताया कि टूर्नामेंट में तीन सौ से ज्यादा कॉलेजों के प्रतिभागी शामिल हुए। यह टूर्नामेंट चार मार्च तक चलेगी। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल में साईं से सेवानिवृत कोच डॉ. कुलवंत सिंह, केयूके से रमेश चंद्र, सिरसा से लखविंदर सिंह, हिसार से पूनम, नारनौल से सुभाष लोहान, कुरुक्षेत्र से पवन, संदीप दनौदा व संदीप कुमार शामिल रहे। इस मौके पर धर्मपाल जागलान, रणधीर जागलान, नरेंद्र नीनी, रमेश जागलान, दयाराम कोच, प्रवीन कुमार, डॉ. कुलबीर कादियान, डॉ. रीति गुप्ता व डॉ मुकेश देशवाल मौजूद रहे।
बॉक्स
आज के परिणाम।
शुक्रवार को हुए मुकाबलों में लड़कों के वर्ग के 57 किलो भारवर्ग में गांधी आदर्श कॉलेज समालखा के शुभम प्रथम, राजकीय कॉलेज इसराना के सिकंदर द्वितीय व राजकीय कॉलेज हिसार के विक्रम व आर्य पीजी कॉलेज पानीपत के मनीष तृतीय रहे। 79 किलो वेट में जीसी इसराना के शिवओम प्रथम, राजकीय कॉलेज बादली के नेत्रपाल सिंह द्वितीय व राजकीय कॉलेज हांसी के शुभम व डीएन कॉलेज हिसार के कुलवंत सिंह तृतीय रहे। लड़कियों के वर्ग के 62 किलो वेट में एमकेजेके कॉलेज रोहतक की मुस्कान प्रथम, एफसी कॉलेज हिसार की दीप सिन्हा द्वितीय व राजकीय कॉलेज पीलूखेड़ा की जोशी व राजकीय कॉलेज इसराना की किरण तृतीय रहीं। लड़कियों के 50 किलो भार वर्ग में जीसीडब्ल्यू हिसार की अल्का रानी प्रथम, टीडीएलसीडब्ल्यू मुरथल की अंशिका आंतिल द्वितीय व एमएचसी जोजू कलां की स्नेहा व जीएसी समालखा की तनीषा तृतीय रहीं।