माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। तीन दिवसीय राज्यस्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता में पानीपत के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। बैडमिंटन और शतरंज में जिले के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिले में पांच से सात सितंबर तक राज्यस्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें पानीपत सहित प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सोमवार को प्रतियोगिता का समापन
हुआ। एईओ रवींद्र अंतिल ने बताया कि पानीपत के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु
वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए बेहतर स्थान हासिल किए।
बैडमिंटन में शानदार प्रदर्शन : अंडर-19 बॉयज बैडमिंटन में पानीपत की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। अंडर-14 गर्ल्स बैडमिंटन में जिले की बालिकाओं ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता। अंडर-17 बॉयज बैडमिंटन में पानीपत की टीम ने कड़े मुकाबलों के बीच चौथा स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-17 गर्ल्स बैडमिंटन में टीम ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
शतरंज में चौथे स्थान पर रहे खिलाड़ी : अंडर-19 बॉयज शतरंज प्रतियोगिता में भी पानीपत के खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। टीम के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में चौथा स्थान हासिल किया।
खिलाड़ी बोले, अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगे दम : अंडर-19 बैडमिंटन विजेता आरव ने कहा कि टीम वर्क और कड़ी मेहनत के दम पर टीम ने पहला स्थान हासिल किया। अब राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतना उनका मुख्य लक्ष्य है।
अंडर-14 बैडमिंटन उपविजेता रिया ने कहा कि फाइनल मुकाबले से काफी कुछ सीखने को मिला। अगली बार कमियों को सुधारकर राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे।
अंडर-19 शतरंज खिलाड़ी सुमित ने बताया कि राज्य स्तर पर शीर्ष चार में जगह बनाने से आत्मविश्वास बढ़ा है। आगामी प्रतियोगिताओं को देखते हुए अभ्यास और तेज किया जाएगा।
अंडर-17 बैडमिंटन कांस्य पदक विजेता नेहा ने कहा कि कड़े मुकाबलों के बाद पदक जीतना सुखद अनुभव रहा। कोच के मार्गदर्शन से खेल में काफी सुधार हुआ है और अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए और अधिक मेहनत करेंगी।