पसीना रोड स्थित ओम बालाजी टेक्सटाइल फैक्टरी में कच्चा माल, तैयार माल और मशीनरी जली
दमकल विभाग ने शुरू की एनओसी और सुरक्षा इंतजामों की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। छोटी दिवाली पर शनिवार को पसीना रोड स्थित ओम बालाजी टेक्सटाइल फैक्टरी में भीषण आग लग गई। दोपहर करीब 1:40 बजे लगी आग ने देखते ही देखते पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में फैक्टरी में रखा भारी मात्रा में कच्चा माल, तैयार माल और मशीनरी जल गई।
आग की तेज लपटों और धुएं से इमारत की दीवारें और छत भी क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि समय रहते फैक्टरी में काम कर रहे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दमकल विभाग ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद नौ गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया। वहीं, विभाग ने फैक्टरी की एनओसी और अग्नि सुरक्षा इंतजामों की जांच शुरू कर दी है।
शनिवार दोपहर लोगों ने फैक्टरी से आग की ऊंची लपटें उठती देख पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। शुरुआत में पानीपत दमकल केंद्र से सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए समालखा और एनएफएल से भी अतिरिक्त गाड़ियां मंगवाई गईं।
दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया। आग पर काबू पाने के लिए टीम को फैक्टरी की दीवार के कुछ हिस्से भी तोड़ने पड़े, ताकि पानी अंदर तक पहुंचाया जा सके। करीब पांच घंटे बाद आग पूरी तरह बुझाई जा सकी।
फैक्टरियों में बार-बार आग, सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
3 नवंबर: इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ज्योति कॉट्स यार्न प्राइवेट लिमिटेड की धागा फैक्टरी में दोपहर बाद आग लग गई थी। इसमें मशीनरी और कच्चा माल जल गया था।
28 अक्तूबर: शिवनगर स्थित सीआरजी धागा फैक्टरी में तड़के भीषण आग लगी थी। हादसे में एक श्रमिक की जिंदा जलने से मौत हो गई थी।
26 मार्च: डाडोला-बापौली रोड स्थित गुप्ता इंटरनेशनल फैक्टरी में आग लगने से लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया था।
वर्जन
आग की सूचना मिलते ही दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना कर दिया गया था। फैक्टरी में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम और एनओसी की स्थिति की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। -गुरमेल सिंह , जिला दमकल अधिकारी