सनौली। मतरौली गांव स्थित भूमिया खेड़ा मंदिर में अपवित्र वस्तु डालने से आसपास के आठ गांवों के लोगों की बुधवार को सुबह तीसरी बार हुई महापंचायत भी बेनतीजा रही। इससे तीन दिन पहले हुई महापंचायत में समुदाय विशेष के लोगों ने अपने समुदाय के लोगों से इस मामले में जांच पड़ताल करने के लिए दो दिन की मोहलत मांगी थी। दो दिन बीत जाने पर फिर महापंचायत हुई तो समुदाय विशेष ने पंचायत में कहा कि उन्होंने अपने समाज के लोगों से पूछताछ की, मगर ऐसा घिनोना कार्य करने वाला कोई नहीं मिला। इसके लिए अब पंचायत मामले की जांच पुलिस प्रशासन से करवा सकता है। सभी एकजुट होकर पंचायत और पुलिस प्रशासन का इस कार्य में सहयोग करेंगे।
पंचायत में आए आसपास के लोगों से भूमिया खेड़ा के मंदिर में अपवित्र वस्तु रखने को लेकर सरपंच मतरौली संजय कुमार ने कहा कि सभी पंचायत में लोग गांव में भाईचारे और शांतिपूर्ण तरीके से रहें। इसे लेकर पंचायत और गांव के मौजिज लोग चाहते हैं कि खेड़े के मंदिर में अपवित्र वस्तु रखने वालों की अब पुलिस-प्रशासन अपने तरीके से जांच पड़ताल करें। असली अरोपी को पकड़कर कार्रवाई करें तो किसी को कोई एतराज नहीं होगा।
बता दें कि रविवार 20 अगस्त को गांव में सुबह भूमिया खेड़ा मंदिर प्रांगण में पूजा करने गए लोगों ने अपवित्र वस्तु देखी थी, जिससे लोगों में तनाव था। गांव में इसे लेकर आसपास के पांच गांवों के लोगों की दो बार पंचायत हो चुकी है। पंचायत में लोगों ने कहा था कि गांव में सभी भाईचारे से रहें और भूमिया खेड़े में अपवित्र वस्तु डालने वाला खुद पंचायत में आए तो गांव में भाईचारा बना रहेगा। पंचायत को गांव के मंदिर में अपवित्र वस्तु डालने वाला आरोपी न मिलने पर अब पुलिस से इस मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है। इस दौरान आसपास के गांव संजोली, रायमाल, आट्टा, भल्लौर आदि के सरपंच व मौजिज लोग मौजूद रहे।
बापौली थाना एसएचओ अतर सिंह ने कहा कि अब पुलिस और प्रशासन गांव के भूमिया खेड़े में अपवित्र वस्तु डालने वाले की तलाश करेगा। गांव के लोग और पंचायत भी इसमें सहयोग करें।