पानीपत। डाडौला चौक पर एक पेट्रोल पंप के तीन सेल्समैन से नकाबपोश तीन बदमाशों ने चाकू और पिस्तौल के बल पर 2.10 लाख रुपये लूट लिए। एक सेल्समैन ने पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने तीनों सेल्समैन के मोबाइल फोन छीने और उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाश ऑफिस में घुसे और टेबल से 2.10 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिक की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना रविवार रात करीब एक बजे हुई।
सेक्टर-12 निवासी वैभव लिखा ने बताया कि चौटाला रोड नजदीक डाडौला चौक पर अन्नापूर्णा फिलिंग स्टेशन के नाम से एस्सार कंपनी का उनका पेट्रोल पंप है। रविवार रात वहां सेल्समैन रौनक, कपिल और सुरेश कुमार ड्यूटी पर थे। रात करीब डेढ़ बजे कपिल ने कॉल कर पेट्रोप पंप पर लूट होने की सूचना दी। इसके बाद वहां पहुंचकर मैंने पुलिस कंट्रोल रूम में लूट की सूचना दी।
सेल्समैन ने पूछताछ में बताया कि तीन बदमाश पैदल ही पेट्रोल पंप पर आए थे। उन्होंने कपड़े से मुंह लपेटा हुआ था। इसके अलावा आरोपियों के पास चाकू, पिस्तौल थी। उन्होंने आते ही रुपये मांगे, विरोध किया तो चाकू निकालते हुए जान से मारने की धमकी दी। सेल्समैन ने बताया कि आरोपियों ने जैसे ही दूसरे सेल्समैन से रुपये मांगे तो उसने पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल करने के लिए फोन निकाला। इसके तुरंत बाद एक बदमाश दौड़ते हुए उसके पास आया और फोन छीन लिया। इसी बीच आरोपियों ने सेल्समैन रौनक और कपिल का मोबाइल भी छीन लिया। इसके बाद उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया। इसके बाद टेबल की डोर में रखे 2.10 लाख रुपये लेकर वे फरार हो गए।
लुटेरों के कार से आने की आशंका
पीड़ित ने बताया कि आशंका है कि आरोपी कार से आए थे। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक ती तो उसमें कुछ दूरी पर एक कार खड़ी दिखाई दे रही है। आशंका है कि बदमाश उसी कार में सवार होकर आए थे और उसी में बैठकर चले गए।
पेट्रोप पंप मालिक की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, आरोपी तीनों बदमाशों की धरपकड़ जारी है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सुनील कुमार, सेक्टर 29 थाना प्रभारी