पानीपत।भाजपा के संयुक्त मोर्चा सम्मेलन में बारिश के बीच कार्यकर्ताओं में जोश देखने को मिला। शगुन फार्म में आयोजित सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को मोदी सरकार के नौ साल के कार्यकाल का पाठ पढ़ाया गया और योजनाओं को जनता के बीच ले जाने की अपील की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मोदी के नौ साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को ध्यान से सुना।
मुख्यातिथि राज्यसभा सांसद कृष्णलाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नौ वर्ष के सेवाकाल में सबका साथ-सबका विकास के नीति से समाज के प्रत्येक वर्ग का उत्थान किया है। उन्होंने जाति, पंथ व क्षेत्र से ऊपर उठकर संपूर्ण राष्ट्र के लिए जनकल्याण की योजनाएं चलाई हैं। मोदी ने पानीपत की धरती से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा दिया और झोली फैलाकर बेटियों को बचाने की अपील की। इसी के परिणाम है कि आज हर क्षेत्र में बेटियां अग्रिम पंक्ति में नजर आती हैं। विधायक महीपाल ढांडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिन अमेरिका में रहे। वहां की संसद में मोदी-मोदी के नारे लगे। इससे पहले अमेरिका में भारतीयों की तलाशी तक ली जाती थी। मेयर अवनीत कौर ने भारी बारिश में सम्मेलन सफल बनाने पर कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग को साथ लेकर योजना बनाई हैं। पानीपत में आज तक सबसे ज्यादा विकास कार्य कराए हैं। वह खुद विकास कार्यों को मंजूर करा रही हैं। इस मौके पर शहरी विधायक प्रमोद विज व जिलाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता भी मौजूद रहीं। सम्मेलन की अध्यक्षता मेयर अवनीत कौर ने की।
इस मौके पर जैन समाज से प्रधान विनय जैन, रमेश जैन, सिख समाज से हरजीत सिंह दुआ, जगजीत सिंह, राजिंंद्र खुराना, बलदेव खुराना, राज मेहंदी रता, कवलजीत सिंह, किन्नर समाज से हाजी साधना, अल्पसंख्यक मोर्चा से जिलाध्यक्ष रफाकत हसन व कृष्ण छौक्कर मौजूद रहे।