पानीपत। कवी गांव में हुई पंचायत चर्चा में है। पंचायत में जिला परिषद के सदस्य के संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वह कह रहे हैं वह भी बदमाश हैं। मैं ये नहीं कहता कि मैं शरीफ हूं। लेकिन औरतों को नहीं पीटता।
दरअसल गांव में एक परिवार के साथ मारपीट के मामले में रविवार को पंचायत चल रही थी। ग्रामीण अपनी बात रख रहे थे। पंचायत ने असामाजिक तत्वों और गांव में बदमाशी को बंद करने का फैसला लिया था। इसके साथ ही परिवार पर हमला करने वालों को गांव से निकालने का फैसला सुनाया था। इसी पंचायत में जिला परिषद के सदस्य ने भी पंचायत को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बदमाशों का यह काम नहीं होता कि घर में औरतों के साथ मारपीट करें। मैं ये नहीं कहता कि मैं शरीफ हूं लेकिन औरतों के साथ मारपीट नहीं करता। इसके बाद उन्होंने कहा कि गांव वाले अगर मेरा साथ दें तो गांव में बदमाशी नहीं पनपने दें। बदमाशों को मैं अकेला ही घेर लूंगा। ग्रामीणों ने उनका सहयोग देने का आश्वासन दिया।
यह है मामला
कवी गांव के जयपाल ने बताया कि चार अप्रैल की रात को उसके भाई व भाभी की आपस में कहासुनी हो रही थी। तभी वहां पर पड़ोस का अजीत आया और उसके भाई के साथ गाली-गलौज करने लगा। शोर सुनकर परिवार के और सदस्य मौके पर आ गए। आरोप हैं कि अजीत व उसके पिता ने उसकी बहन के साथ मारपीट की। परिवार के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव कराया। उसने आरोप लगाया कि रात पौने 12 बजे अजीत 30-35 लड़कों के साथ घर में घुस गया और सोते परिवार पर हमला कर दिया। जिसमें उसका भाई भाभी, भाई की लड़की, बहन सहित परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए।