- 28 से 30 अक्तूबर तक समालखा के भोड़वाल माजरी में होगा 76वां निरंकारी वार्षिक संत समागम
- प्रशासन आयोजकों का नियमानुसार करेगा सहयोग
- आगंतुकों के लिए कानून व्यवस्था व स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं की जाएगी उपलब्ध
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। निरंकारी आध्यात्मिक स्थल भोड़वाल माजरी में 76वां निरंकारी वार्षिक संत समागम 28 से 30 अक्तूबर तक होगा। समागम में देश- विदेश से अनुयायी पहुंचेंगे। प्रशासन ने तीन दिवसीय समागम में कानून-व्यवस्था को लेकर अभी से तैयारी शुरू कर दी है। समागम में भीड़ को लेकर प्रशासन जहां लोकल बसें चलाएगा, वहीं रेलवे भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन पर कई मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव करेगा। इसके अलावा पानीपत व सोनीपत रेलवे स्टेशन से भी अनुयायियों को समागम स्थल तक ले जाया जाएगा।
उपायुक्त वीरेंद्र दहिया ने इसे लेकर बुधवार को जिला सचिवालय में संत निरंकारी मंडल के सदस्यों के साथ बैठक की। इसमें प्रशासनिक व विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल रहे। उपायुक्त ने कहा कि समागम में लाखों लोगों का आगमन होता है। इसके लिए बिजली, पानी, शौचालय, ट्रांसपोर्ट व अन्य ठहराव से संबंधित सुविधाओं की आवश्यकता जरूरी है। ऐसे में प्रशासन नियमानुसार समागम को सफलतापूर्वक कराने के लिए संत निरंकारी मंडल का सहयोग करेगा। उपायुक्त ने बताया कि समागम स्थल पर बसों की व्यवस्था की जाएगी। अस्थायी बस स्टॉप और अस्थायी बिजली कनेक्शन दिए जाएंगे।
शहर में अतिरिक्त लोकल बसें पानीपत से समागम स्थल तक चलाई जाएंगी। अस्थायी बस स्टॉप बनाए जाएंगे। रोडवेज जीएम को नियमानुसार बसों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। दमकल विभाग नियमानुसार गाड़ी उपलब्ध कराएगा और बिजली निगम अस्थायी कनेक्शन देगा। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस, पैरामेडिकल स्टाफ व अस्थायी डिस्पेंसरी उपलब्ध कराएगा। पुलिस समागम स्थल के निकट पुलिस पोस्ट स्थापित करेगी और कानून एवं व्यवस्था का पालन करने के व्यापक प्रबंध करेगी। मौके पर एसडीएम समालखा अमित कुमार, सीटीएम राजेश सोनी, सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा, डीएसपी (ट्रैफिक) सुरेश सैनी, संत निरंकारी मंडल सचिव जोगिंद्र सुखिजा, संजय सैनी व राजेंद्र भुल्लर मौजूद रहे।