अंबाला। पीएचसी साहा में तैनात महिला डाक्टर का गरीबरथ एक्सप्रेस से बैग चोरी हो गया। बैग में 10 हजार रुपये की नकदी, सोने की बाली और एटीएम सहित जरूरी दस्तावेज थे। घटना कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के नजदीक हुई थी। इसलिए अंबाला जीआरपी थाने में मामला दर्ज करने के बाद एफआईआर को आगामी कार्रवाई के लिए कुरुक्षेत्र जीआरपी को भेज दिया गया है। डाॅक्टर निफेना नौशाद ने जीआरपी को दी शिकायत में बताया कि वो 10 नवंबर को अजमेर-चंडीगढ़ गरीबरथ एक्सप्रेस में सफर कर रही थीं। जयपुर स्टेशन तक बैग उनके पास मौजूद थे। ट्रेन के अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंचने से लगभग 20 मिनट पहले जब बैग को चेक किया तो वो सीट पर नहीं था, इसे कोई चोरी करके ले गया। कोच में बैठे अन्य यात्रियों से भी इस संबंध में पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं दे पाया। संवाद