पानीपत। पंचायत विकास एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने सोमवार को गांव जोशी माजरा, दरियापुर, जीतगढ़, उरलाणा खुर्द, सींक, छिछड़ाना और कुराना गांव में अपने धन्यवादी दौरे किए।
इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पांच साल में दो लाख रोजगार उपलब्ध करवाए जाएंगे। शीघ्र ही लाडो लक्ष्मी योजना लागू की जाएगी जिसमें 18 वर्ष से ऊपर की महिलाओं को प्रति माह 2100 रुपये प्रदान किए जाएंगे।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रदेश के हर गांव के अंदर महिलाओं के लिए सांस्कृतिक केंद्र स्थापित किए जाएंगे। जहां पर महिलाएं बैठकर भजन और कीर्तन कर सकेंगी।
पायलट प्रोजेक्ट के तहत शुरुआती दौर में एक हजार गांवों में ये सांस्कृतिक केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसी तरह एक हजार गांवों में ई-लाईब्रेरी बनाई जाएगी जहां पर युवा बच्चे बैठकर पढ़ सकेंगे और सरकारी नौकरियों के लिए तैयारी भी कर सकेंगे। इसमें कंप्यूटर व अन्य तकनीकी उपकरण भी लगाए जाएंगे।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि एक हजार गांवों में फिरनियां पक्की कर उन पर स्ट्रीट लाइटें लगवाई जाएंगी ताकि फिरनियों में अंधेरा न हो। प्रदेश के 19 हजार तालाबों में से प्रथम चरण में 6 हजार तालाबों का सुधारीकरण होगा। उसका पानी साफ कर खेती के लिए उपयोग में लाया जा सकेगा। मंत्री कृष्ण लाल पंवार का गांव में पहुंचने पर गणमान्य लोगों ने पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि इसराना हलका के लोगों ने जो विश्वास व्यक्त किया है उस विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। इस हलके के लोगों की एक-एक समस्या का समाधान होगा और आमजन से सुझाव लेने के बाद हलके का चहुंमुखी विकास होगा।