पानीपत। सेक्टर 29 पार्ट-1 के इंडो फार्म के पास एक फैक्ट्री में सोमवार की रात करीब 12 बजे एक 22 साल के मजदूर ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। परिजनों को इसकी सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक मजदूर की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजन शव का संस्कार करने के लिए उसे उत्तर प्रदेश में अपने पैतृक गांव लेकर जा रहे हैं।
मृतक अमित सिंह वेनी रागपुर उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। जो अपने परिवार के साथ इंडो फार्म के पास एक कॉलोनी में रहता था और पास ही एक फैक्ट्री में काम करता था। मृतक अविवाहित था और दसवीं कक्षा तक पढ़ा हुआ था। पुलिस अब परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई करेगी। मृतक अमित सिंह के पिता बाबूराम ने बताया कि अमित बिल्कुल ठीक ठाक घर से फैक्ट्री के लिए निकला था। रात को अमित का फोन आया कि रात को वह फैक्ट्री में रुकेगा। इसके बाद देर रात उन्हें सूचना मिली कि अमित ने फांसी लगा ली है। वे मौके पर पहुंचे तो अमित की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मंगलवार को अमित के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें सौंप दिया।
सेक्टर 29 थाना पुलिस से जांच अधिकारी विजेंद्र ने बताया कि अब तक मृतक की आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। मृतक के परिजनों, आसपास के लोगों और फैक्ट्री में काम करने वालों से पूछताछ की जाएगी। इसके बाद ही कारण स्पष्ट हो सकेंगे कि अमित ने फांसी किस वजह से लगाई। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।