बिशन स्वरूप कॉलोनी में एक आरोपी ने कहासुनी के बाद छात्र के सीने में चाकू घोंप दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। घायल छात्र के अनुसार उनका बस में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। जिस बात पर वह रंजिश में था। आरोपी ने बातचीत के बहाने उसे पार्क में बुलाया और उस पर हमला कर फरार हो गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत शहर थाना पुलिस को दी है, जिस शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव आसन कला निवासी मोहित ने बताया कि वह मॉडल संस्कृति स्कूल, खंडरा में 10वीं कक्षा तक पढा है। उसी के स्कूल में विनय छोक्कर निवासी गांव नौहरा भी पढता था। नौ सितंबर को वह कोचिंग लेने के लिए ऑक्सफोर्ड सेंटर जा रहा था। बस में उसकी विनय छोक्कर के साथ कहासुनी हो गई, विनय ने उसे देख लेने की धमकी दी थी। जिसके बाद वह कोचिंग सेंटर चला गया था। विनय ने फोन कर उसे बिशन स्वरूप कॉलोनी के पार्क में बातचीत करने के लिए बुलाया। जहां वह अपने दोस्त बंसत, उत्सव, जय भगवान के साथ पार्क में जा रहा था कि रास्ते में पार्क के पास उसे विनय ने रोक लिया। वह गाली-गलौज करने लगा। उसने विरोध किया तो विनय ने पाइप नुमा चाकू बैग से निकालकर उसके सीने में घोप दिया। उसके दोस्तों ने उसे छुड़ाया और अस्पताल पहुंचाया। आरोपी विनय ने उसे जान से मारने की धमकी दी है।