मतलौडा। क्षेत्र के छिछडाना गांव में पंचायत में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस आरोपी पिता-पुत्र से लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाकू भी बरामद कर लिया है।
बीते आठ जून को छिछडाना के रामचंद्र ने आठ जून को मतलौडा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। रामचंद्र का कहना था कि उसने अपने सबसे छोटे भाई सुभाष के साथ मिलकर 35 साल पहले सात एकड़ जमीन खरीदी थी। बंटवारे में वह जमीन उसके हिस्से में आ गई थी। जिसके बदल इतनी ही पुश्तैनी जमीन उसने अपने भाई सुभाष को दी थी। अब सुभाष उस जमीन में भी हिस्सा मांग रहा था। इसी बात के लिए रविवार को गांव में पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत के सुभाष और उसके बेटे जगपाल ने चाकू से उसके बेटे सुनील और अनिल पर हमला कर दिया था। जिसमें सुनील की मौत हो गई थी।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी सुभाष और उसके बेटे जगपाल उर्फ रिंकू को गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार को दोनों को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान दोनों से पूछताछ की गई। साथ ही उनके कब्जे से चाकू भी बरामद कर लिया है। डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने बताया कि आरोपियों रिमांड पूरा होने पर आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।