पानीपत के राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में सीनियर और जूनियर छात्र भीड़ गए। इसमें चाकू लगने से एक विद्यार्थी घायल हो गया। जिसको सिविल अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल किया। स्कूल प्राचार्य इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में शुक्रवार को आधी छुट्टी के दौरान नौवीं और 11वीं कक्षा के कुछ विद्यार्थी आपस में भिड़ गए। इसमें अग्रवाल मंडी निवासी आकाश को चाकू लग गया। उसको सिविल अस्पताल में दाखिल कराया।
आकाश ने बताया कि स्कूल की आधी छुट्टी के समय वह विशाल के साथ अपने क्लास रूम में बैठे हुए थे। इसी समय 11वीं कक्षा के कुछ विद्यार्थी क्लास रूम में पहुंचे और विशाल के साथ मारपीट करने लगे। उसने बीचबचाव करना चाहा तो उसके साथ भी मारपीट कर दी। वह क्लास रूम से बाहर निकल रहा था तो एक विद्यार्थी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। वह उसके वार से बचने लगा और चाकू हाथ में लग गया।
आरोप है कि उसने इसकी सूचना प्रिंसिपल को दी, लेकिन प्रिंसिपल ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और अपने परिजनों के साथ विवाद को सुलझाने की कह दी। इसके बाद वह सिविल अस्पताल पहुंचा।