इसराना अनाज मंडी में राज्य स्तरीय कुश्ती खिलाड़ी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। अज्ञात बदमाश वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही इसराना थाना प्रभारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे व शव को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका पंचनामा भर शव गृह में रखवा दिया। वीरवार को मृतक का पोस्टमार्टम होगा।
इसराना निवासी मिंटू ने पुलिस को बताया कि उसका 18 वर्षीय छोटा भाई कुलदीप उर्फ दीपा राज्य स्तरीय कुश्ती खिलाड़ी है। वह सोनीपत में कुश्ती की प्रैक्टिस करता था। मिंटू ने बताया कि उसका भाई मंगलवार को ही गोमुख से कावड़ लेकर आया था। बुधवार शाम करीब 7 बजे कुलदीप उससे मोटरसाइकिल लेकर बाजार जाने तक की बात कह कर गया था। रात करीब 9 बजे अचानक अनाज मंडी से गांव के ही कुछ युवक दौड़ते हुए घर की ओर आए। उन्होंने कुलदीप की हत्या कर दिए जाने की सूचना दी। । पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक की हत्या के कारण का पता नहीं चला है।
9 बजे लगता है बिजली का कट, उसी दौरान दिया वारदात को अंजाम
गांव इसराना अनाज मंडी में रात 9 से 10 बजे तक बिजली का कट लगता है। अज्ञात बदमाशों ने बिजली कट लगते ही चाकुओं से गोदकर कुलदीप उर्फ दीपा उर्फ दीपक जागलान की हत्या कर दी। बड़े भाई मिंटू ने बताया कि उन्हें शक है कि उसके छोटे भाई को किसी ने फोन कर उक्त पते पर बुलाया था।
वर्जन
वारदात रात करीब 9 बजे की है। कुलदीप उर्फ दीपा के शव को सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सुरेंद्र दहिया, इसराना थाना प्रभारी।