पानीपत। सेक्टर 29 में एक फैक्ट्री से श्रमिक का मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने चाकू की नोक पर अपहरण कर लिया। बदमाशों ने श्रमिक के साथ मारपीट की और उससे 5500 रुपये व मोबाइल लूट लिया। श्रमिक ने इसकी शिकायत चांदनी बाग थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों की धरपकड़ में जुटी है।
बिहार के सिवान जिले के गांव धाक्का निवासी शेराजुदीन ने बताया कि वह परिवार के साथ रिसालू गांव रोड पर जीतनगर में रहता है। वह सेक्टर 29 में एक फैक्ट्री में पोकलेन मशीन चलाता है। वह शनिवार दोपहर को फैक्ट्री में काम कर रहा था। इसी वक्त फैक्ट्री में तीन युवक घुस आए। वह चाकू की नोक पर उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर रिसालू गांव की ओर ले गए।
वहां खाली प्लॉट में ले जाकर उसकी पिटाई की। उससे 5500 रुपये मोबाइल लूट लिया। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर कुछ लोग आ गए। आरोपी उसे छोड़कर वहां से फरार हो गए। उसने राहगीर के मोबाइल से पुलिस को कॉल की। पुलिस कुछ देर बाद मौके पर पहुंची । उसने पुलिस को आपबीती सुनाई। संवाद