- प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी विक्रम उर्फ विक्की की तलाश में जुटी पुराना औद्योगिक थाना पुलिस
- दो नवंबर को भारी गांठ के नीचे दबने से हुई थी श्रमिक मंटू की मौत
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। काबड़ी रोड स्थित गोदाम में भारी गांठ के नीचे दबने से श्रमिक मंटू की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी गोदाम संचालक की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस की टीमें आरोपी विक्रम उर्फ विक्की की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। परिजनों के रोष जताने के बाद घटना के तीसरे दिन पुलिस ने गोदाम संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
औद्योगिक नगरी में सुरक्षा मानकों की अनदेखी श्रमिकों की जान पर भारी पड़ रही है। इससे पहले भी फैक्ट्रियों और गोदामों में सुरक्षा संबंधी लापरवाही के कारण कई श्रमिकों की मौत हो चुकी है। इन हादसों के बाद प्रशासन और श्रम विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठते रहे हैं। मंटू की मौत के मामले में भी शुरुआती जांच में गोदाम परिसर में सुरक्षा नियमों की अनदेखी सामने आई है।
पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी अरविंद ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपी गोदाम संचालक विक्रम उर्फ विक्की की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।