पानीपत। महज 10 साल की उम्र में अरमान कश्यप ने गाना लिखने के साथ ही उसे गाया और वीडियो में एक्टिंग भी की। चार दिन पहले यूट्यूब पर अरमान का हरियाणवी गाना 10 साल का मैं छोरा रिलीज हुआ और इतने कम समय में 94 हजार लोग इस गाने को देेख चुके हैं।
अरमान अपने पिता बबलू के साथ हरियाणवी फिल्मों की शूटिंग देखने जाता था, जिससे उसकी कला के क्षेत्र में रुचि जागी। अरमान ने हरियाणवी गाने लिखने शुरू कर दिए और महज 10 साल की उम्र में अपना पहला गाना रिलीज किया। पानीपत के लाल अरमान कश्यप के गाने को यूट्यूब पर खूब पसंद किया जा रहा है। नन्हा गायक अरमान गायक अमित सैनी रोहतकिया को पसंद करता है। उनके गाने सुन सुनकर ही गाना शुरू किया था। अरमान की हेयर स्टाइल भी अमित सैनी रोहतकिया जैसी है।
अरमान के पिता ने बताया कि वह पहले उनके साथ शूट पर जाता था, लॉकडाउन में घर पर खाली बैठे रहने के दौरान उसने गाना शुरू किया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि अरमान इतनी कम उम्र में अपने गाने लिखने के साथ गाएगा भी।
अगले गाने की तैयारी में जुटा अरमान
अरमान अब अपने दूसरे गाने की तैयारी में जुट गया है। अरमान ने बताया कि वह हरियाणवी संगीत जगत में अपनी अलग पहचान बनाना चाहते हैं। अब अगले गाने कांड की तैयारी कर रहे हैं, जिसमें सामाजिक मुद्दा ईव-टीजिंग का उठाया गया है। इस गाने को रिकार्ड किया जा रहा है।
फिल्मी गाने के साथ बनाता है श्याम बाबा के भजन
अरमान फिल्मी गाना गाने के साथ ही भजन भी गाता है। पिछले चार महीने से वह बाबा श्याम के ही भजन गा रहा था। अरमान के पिता का कहना है कि वह बचपन से ही भजन सुनता था। स्कूल में होने वाले कार्यक्रम में हमेशा से ही भाग लेता रहा है।