समालखा।चोरों ने मॉडल टाउन में एक घर का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण व नकदी पर हाथ साफ कर लिया। परिवार के सदस्य पंजाब गए हुए थे। पीडि़त ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत में राधेश्याम मेहंदीरता ने बताया कि उसकी पत्नी की भतीजी की सड़क हादसे में मृत्यु हो गई थी। वह अपने परिवार सहित मानसा, पंजाब गया था। रविवार शाम को वापस आकर देखा तो घर के अंदर के कमरों के ताले टूटे हुए थे। लोहे की फाली भी वहां पड़ी थी। अंदर कमरों में सामान बिखरा हुआ था। चोर करीब डेढ़ से दो लाख रुपये की नगदी, एक जोड़ी सोने का टॉप्स, दो अंगूठी, दो जोड़ी सोने की बालियां, 10 से 12 सोने की नोज पिन, एक जोड़ी चांदी की पायजेब चोरी कर ले गए। इसके साथ ही उन्होंने चौखट, कुर्सियां आदि करीब दस हजार रुपये के सामान को भी तोड़कर नुकसान पहुंचाया है। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।