पानीपत। इनर व्हील क्लब पानीपत मिडटाउन युवा पीढ़ी तक रामायण व महाभारत के संदेश व शिक्षाओं को पहुंचाने के लिए चार दिवसीय प्रदर्शनी बाल भवन में लगाएगा। चारों दिन स्कूली बच्चों के लिए दोपहर एक तक और चौथे दिन आमजन के लिए शाम को प्रदर्शनी ओपन रहेगी। क्लब ने इसकी तैयारी पूरी कर ली हैं।
इनर व्हील क्लब पानीपत मिडटाउन की प्रधान डॉ. अनु कालड़ा और संपादक डाॅ. दीप्ति जैन ने बताया कि युवा पीढ़ी सोशल मीडिया और मोबाइल में सिमट गई है। ऐसे में वे अपने पुराणों और महाकाव्य से दूर होते जा रही हैं। यह समाज ही नहीं देश के लिए भी चिंता का विषय है। इन सबको देखते हुए गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज के सानिध्य में क्लब बाल भवन नजदीक हाली पार्क में 20 से 23 अगस्त कोराम कृष्ण कथा संगम प्रदर्शनी लगाने का फैसला लिया है। बाल भवन में सुबह नौ बजे इसका शुभारंभ किया जाएगा। इसमें पहली प्रस्तुति चुलबुल चिड़िया की प्रस्तुति रहेगी। यह प्रस्तुति प्रयागराज लोक माटी कला द्वारा दी जाएगी। इसके बाद महाभारत व रामायण के संदेशों से रूबरू कराया जाएगा। यह प्रदर्शनी 20 और 23 अगस्त को स्कूली विद्यार्थियों के लिए सुबह नौ से दोपहर चार बजे तक रहेगी। आमजन के लिए 23 अगस्त को सायंं चार से सात बजे तक ओपन रहेगी।