पानीपत। नगर निगम ने शहर की लाइफ लाइन मानी जाने वाली ड्रेन नंबर-एक की सिल्ट निकालने का टेंडर लगा दिया है। काबड़ी गांव से लेकर चौटाला रोड तक करीब 13.5 किमी. लंबी ड्रेन को डी-सिल्ट किया जाएगा। इसके लिए 58 लाख रुपये का टेंडर लगाया गया है। यह काम मई में अलॉट होगा, जिसे जून-जुलाई तक पूरा किया जाएगा। इसके अलावा शहर के सीवरेज सिस्टम को साफ करने के लिए भी निगम ने 5.20 करोड़ का टेंडर लगाया है। इसमें शहर की 375 किलोमीटर लंबी सीवरेज लाइन की सफाई की जाएगी। इसके अलावा डेढ़ साल तक सफाई को लेकर रखरखाव भी किया जाएगा।
ड्रेन नंबर एक की शुरुआत काबड़ी गांव से होती है। यहां से चौटाला रोड तक का एरिया नगर निगम के अंतर्गत है। 13.5 किलोमीटर एरिया में ड्रेन कई जगह से कच्ची है और कई जगह इसमें गंदगी भर चुकी है। बरसात के मौसम में ड्रेन से ही ज्यादातर बारिश के पानी की निकासी होती है। ड्रेन ब्लॉक होने से इसमें सिल्ट भर चुकी है। चौटाला रोड से आगे का एरिया सिंचाई विभाग के अधीन है। चौटाला रोड से लेकर यमुना तक सिंचाई विभाग ड्रेन की सफाई और देखरेख करेगा।
निगम अधिकारियों ने बताया कि सीवरेज सिस्टम के टेंडर में चार एजेंसिंयों ने भाग लिया है। फिलहाल जन स्वास्थ्य विभाग की सीवरेज विंग भी नगर निगम में मर्ज हो चुकी है। सीवरेज सफाई के लिए निगम के पास एक सुपर सकर मशीन और तीन जेटिंग सक्शन मशीन हैं। इनमें से सुपर सकर मशीन चार माह बाद अपनी मियाद पूरी करने जा रही है। 10 साल पूरे करने के बाद ये मशीन काम नहीं कर सकेंगी। नगर निगम ने नई सुपर सकर मशीन के लिए मुख्यालय को पत्राचार भी किया है।
नहीं होगा जलभराव : आयुक्त
प्री-मानसून ड्राइव को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। इसके लिए ड्रेन की सफाई का टेंडर लगाया गया है। सीवरेज की सफाई और मेंटनेंस के टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। मानसून से पहले शहर के नालों और सीवरेज की सफाई का काम पूरा कर लिया जाएगा ताकि निकासी में बाधा न आए और शहर में जलभराव न हो।
- राहुल नरवाल, आयुक्त, नगर निगम।