पानीपत में आने वाले डीसी, एसपी या फिर ट्रैफिक डीएसपी ट्रैफिक सुधार के लिए अपने अपने अलग सुझाव लेकर आए। कई अपने प्लान भी लेकर आए ,लेकिन अधिकारियों के ट्रैफिक प्लान अधूरे ही रह गए। इन अधूरे ट्रैफिक प्लान के चलते शहर का यातायात व्यवस्था आज तक सामान्य नहीं हो पाया है। जिसका खामियाजा शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है। शहर से करीब दस किलोमीटर लंबे गुजर रहे एलीवेटिड हाईवे के नीचे जीटी रोड पर हर समय जाम रहता है। इसी कारण शहर की सड़क व गली पर जाम है। बद से बदतर हालात होने के बाद भी ट्रैफिक पुलिस अधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी नित नए दावे पेश कर रहे हैं। शहर की हालत ऐसी है कि कोई यहां आने को तैयार नहीं है।
प्लान नंबर एक
जीटी रोड पर पहले बनाए कट, प्रशासन ने कर दिए बंद
जीटी रोड पर बने कटों पर कई सालों से ड्रामा होता आ रहा है। प्रशासन व पुलिस कभी कटों को बंद कर देती है तो कभी चालू करा देती है। संजय चौक, लालबत्ती, सुखदेव नगर व बस स्टैंड के सामने का कट बंद होना बड़ा सवाल है। प्रशासन ने विरोध के चलते दो नए यू-टर्न बनाए, लेकिन जाम से निजात नहीं मिल सकी। इसी कारण जीटी रोड पर आज जाम लगा रहता है।
प्लान नंबर दो
फुट ओवरब्रिज प्लानिंग में ही उलझे
शहर के हिस्से में जीटी रोड पार करने वाले पैदल लोगों के लिए फुट ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव तैयार हुआ। प्रशासन द्वारा इसको मंजूर किया गया। प्रशासन खादी आश्रम व बरसत रोड पर ही अब तक फुट ओवरब्रिज बन सके है। लालबत्ती चौक पर फुट ओवरब्रिज या अंडरपास में से कुछ भी नहीं बन सके हैं। हालात यह है कि इंसार बाजार से आने-जाने वाले राहगीरों को रिस्क लेकर जीटी रोड पार करना पड़ता है। ऐसे में कई बार हादसे भी हो चुके हैं,पुलिस व प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
प्लान नंबर-तीन
एलीवेटिड हाईवे के नीचे से निकालनी थी बस, अब सड़क पर आई
शहर में सबसे बड़ी परेशानी बस स्टैंड के बाहर व जीटी रोड पर खड़ी होने वाली बसें थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने पुलिस के साथ बैठक कर करनाल की तरफ जाने वाली बसों को बस स्टैंड के आगे से एलीवेटिड हाईवे से गुजारने का प्लान बनाया। प्रशासन ने इसके नीचे सड़क बनाने की बात कही और डीसी ने इसको लेकर बजट मंजूर होने का दावा किया था। यहां पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ रोडवेज अधिकारी भी डयूटी लगाई। यहां से कुछ माह ही बस जा सकी, लेकिन बस चालकों ने खस्ता रास्ते को देखते हुए अपने हाथ खड़े कर लिए। करनाल की तरफ जाने वाली रोडवेज व दूसरी बसें आज फिर से जीटी रोड पर खड़ी होने लगी हैं। इन बसों के जीटी रोड पर खड़े होने से लालबत्ती तक जाम लग जाता है।
प्लान नंबर-चार
हाइटर लगाने का काम बीच में अटका, लोग परेशान
असंध रोड को भारी वाहनों के लिए बंद किया गया है। यहां पर मदान अस्पताल के नजदीक असंध रोड हाइटर लगा दिए गए हैं। लेकिन जीटी रोड असंध रोड पर एक तरफ का हाइटर नहीं लग पाया है। यातायात पुलिस इसे अनदेखा कर रही है। पुलिस की इस अनदेखी का फायदा वाहन चालक उठा रहे हैं। वाहन चालक चोर रास्तों से होकर लालबत्ती तक पहुंच जाते हैं। पुलिस का कदम उठाने के बाद भी भारी वाहनों के चलते लालबत्ती पर जाम लगा रहता है। इससे आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
प्लान नंबर-पांच
सर्विस लेन को जीटी रोड के साथ मिलाने का फैसला, अब तक कुछ नहीं
जीटी रोड के साथ लगती सर्विस लेन को जीटी रोड में मिलाने का फैसला लिया गया था। इसको लेकर इंजीनियरिंग विभाग से संपर्क साधकर योजना तैयार की गई थी। इसके बाद भी यह काम अधूरा ही रह गया और सर्विस लेन आज भी पहले जैसी स्थिति में है। इसी कारण जीटी रोड का यातायात सामान्य नहीं हो पा रहा। सर्विस लेन पूरी तरह से पार्किंग स्टैंड बनकर रह गई है।
ट्रैफिक पुलिस का एक और नया प्लान
यातायात पुलिस ने जीटी रोड को जीरो एक्सीडेंट मिशन बनाने का काम शुरू किया है। डीएसपी ट्रैफिक आत्माराम ने बताया की ट्रैफिक नियमों के बारे में आमजन को जागरूक करने के लिए विभिन्न संगठनों का सहयोग लिया जाएगा । समाज के हर वर्ग के व्यक्तियों को इस मिशन में शामिल किया जाएगा। हाईवे के दोनों तरफ ट्रैफिक नियमों से संबंधित फ्लेक्स बोर्ड लगवाए जाएंगे। हाईवे से मिलने वाली सड़कों पर हाईवे से 10 या 15 मीटर पहले स्पीड ब्रेकर बनवाए जाएंगे।। ट्रैफिक नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को सरप्राइज गिफ्ट दिए जाएंगे। शहर में यातायात जागरूकता रैली निकाली जाएगी। ट्रैफिक पुलिस के जवान स्कूल व कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों को जागरूक करेंगे।
वर्जन
पुलिस यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने का प्रयास करती रही है और उसी दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। यह प्रयास वाहन चालकों व पैदल लोगों के सहयोग के बिना सफल नहीं हो सकता। पुलिस इसके प्रयास में है और आगे भी काम करेगी। इस बार लोगों को जागरूक करने के अलावा उनको साथ लेकर काम करेगी।
अनिल कुमार, पीआरओ, पुलिस पानीपत।
--जगमहेंद्र--