जिले में जाट आरक्षण को लेकर भड़की आग वीरवार को दूसरे दिन ओर भड़क गई। अब एनएच-71-ए के साथ पानीपत-हरिद्वार मार्ग व समालखा-बापौली सड़क मार्ग पर जाटों ने जाम लगा दिया।
पानीपत-जींद रेलवे ट्रैक पर भी मतलौडा में जाटों ने कब्जा जमा लिया। जिले में शहर को छोड़कर चारों तरफ करीब 24 स्थानों पर जाम लगाए रखा।
जाटों के सड़कों पर आने से सड़क व रेल यातायात प्रभावित रहा। तूफान एक्सप्रैस समेत सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए रास्ता नहीं मिल पा रहा है।
अब यात्रियों के दिल्ली से चंडीगढ़ जाने के लिए सिर्फ एनएच-वन व मुख्य रेल मार्ग बचा हुआ है। जाटों के उग्र होने पर प्रशासन व पुलिस भी सख्त हो गई है। प्रशासन ने रिफाइनरी व उसके आसपास धारा 144 लगा दी है और पुलिस ने जिले में विभिन्न स्थानों पर जाम लगाने में सात मुकदमें दर्ज कर लिए हैं।
यहां-यहां लगा जाम
-रोहतक-पानीपत एनएच-71-ए पर शाहपुर गांव में दूसरे दिन लगातार जाम जारी।
-रोहतक-पानीपत एनएच-71-ए पर कैत गांव में दूसरे दिन भी जाम जारी।
-रोहतक-पानीपत एनएच-71-ए पर इसराना में बिजावा मोड़ पर लगाया जाम।
-रोहतक-पानीपत एनएच-71-ए पर इसराना में प्रवेश से पहले जाम लगाया।
-रोहतक-पानीपत एनएच-71-ए पर नौल्था गांव में बुधवार से जाम जारी।
-रोहतक-पानीपत एनएच-71-ए पर बुड़शाम चौक पर वीरवार दोपहर लगाया जाम।
-रोहतक-पानीपत एनएच-71-ए पर डाहर गांव में लगाया जाम।
-पानीपत-गोहाना रोड पर एनएच-71-ए को जाने वाली मुख्य सड़क पर बिंझौल चौक पर लगाया जाम।
-महराना-सिवाह गढ़ी सड़क पर दिल्ली पैरलल नहर पर लगाया जाम। दिल्ली जाने का एक रास्ता हुआ बंद।
-इसराना-समालखा रोड पर बांध गांव के पास जाम लगाया।
-शाहपुर-गन्नौर सड़क पर बुआना लाखू गांव में दो जगह लगाया जाम।
-इसराना-सींक गांव में परढ़ाना गांव के पास लगाया जाम।
-समालखा-बापौली सड़क पर गढ़ी छाजू चौक पर लगाया जाम।
-समालखा-बापौली सड़क पर बिहौली पावर हाउस के पास लगाया जाम।
-पानीपत-हरिद्वार रोड पर उग्रा खेड़ी स्कूल के पास लगाया जाम।
-पानीपत-हरिद्वार रोड पर निंबरी गांव के पास लगाया जाम।
-सींक-सफीदों मार्ग पर गोहाना जाने वाली सड़क पर लगाया जाम।
-समालखा-जौरासी रोड पर फायर ब्रिगेड कार्यालय के पास लगाया जाम।
-सिवाह-बापौली रोड पर डाडोला चौक पर लगाया जाम।
-भाऊपुर-नौल्था सड़क पर ब्राह्मण माजरा गांव में लगाया जाम।
-पानीपत-जींद रेलवे ट्रैक पर मतलौडा में जमाया कब्जा।
गाडिय़ों को छोड़ मोटरसाइकिल पर आए लोग
जाट आरक्षण के चलते अपने कार्यालय व अन्य कार्यों को गाड़ी में आने वाले लोग मोटरसाइकिल व दोपहिया वाहनों पर आ गए हैं। वे अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दोपहिया वाहनों को सही मानने लगे हैं।
उनको इनसे भी आने-जाने के लिए गांव की गलियों व कच्चे रास्तों से होकर निकलना पड़ रहा है। वहीं रोडवेज बसों के न चलने पर यात्रियों को परेशानी आने लगी है। दिल्ली-चंडीगढ़ मार्ग पर भी अपेक्षाकृत बसें नहीं मिल पा रही हैं। जिसके चलते यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
पुलिस हुई सख्त सात मुकदमें दर्ज
पुलिस जाटों को लेकर लगातार सख्ती बरतती जा रही है और पुलिस ने जाम लगाने वालों पर सात मुकदमें दर्ज किए हैं। समालखा थाने में दो व इसराना थाना पुलिस ने पांच मुकदमें दर्ज किए हैं।
समालखा थाना पुलिस ने भापरा गांव के पास गढ़ी छाजू चौक पर जाम लगाने पर जितेंद्र समेत सात लोगों को नामजद कर 60-65 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं जौरासी रोड पर जाम लगाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना पुलिस ने शाहपुर, इसराना, नौल्था, डाहर व बिजावा मोड़ पर जाम लगाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने शाहपुर में जाम लगाने में दो महिलाओं समेत 22 लोगों को नामजद कर 150 महिला व पुरुषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
नौल्था के लोगों ने जाम में फंसों के लिए लगाया भंडारा
एनएच-71-ए पर नौल्था गांव में जाम में फंसे ट्रक व दूसरे वाहन चालकों को प्रदर्शनकारियों व ग्रामीणों ने भोजन कराया। ग्रामीणों ने ट्रक चालकों की परेशानी को देखते हुए वीरवार शाम को ही भंडारा शुरू कर दिया और देर रात तक भंडारा चला।
शुगर मिल के डायरेक्टर राजेंद्र सिंह जागलान ने बताया कि जाट आरक्षण की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे हुए हैं। उनकी सरकार के साथ लड़ाई है और वाहन चालकों की परेशानी का उनको भी दुख है। ग्रामीणों ने एकजुट होकर जाम में फंसे लोगों को भोजन कराने का फैसला लिया है।
पुलिस आरक्षणकारियों को लगातार समझा रही है, लेकिन वे अपनी बातों को लेकर अड़े हुए हैं। लोगों के जाम लगाने से पब्लिक परेशान है और उनको उनकी मुश्किलों को समझना चाहिए। पुलिस ने मुकदमें दर्ज करने शुरू कर दिए हैं और ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जोगिंद्र राठी, डीएसपी मुख्यालय पानीपत पुलिस।
जाट आरक्षण के दृष्टिगत दंड प्रक्रिया नियमावली 1973 की धारा 144 के तहत रिफाइनरी और पैट्रो कैमिकल कांपलैक्स के 500 मीटर के दायरे में पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के खड़ा होने या घूमने फिरने पर तुरंत प्रभाव से रोक लगा दी है। यह आदेश राष्ट्रीय हित में जान-माल की सुरक्षा व सावधानी को देखते हुए दिए गए हैं। आदेश तुरंत प्रभाव से आगामी एक महीने तक लागू रहेंगें। इन आदेशों की अवहेलना करने वाले व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
समीर पाल सरो, डीसी, पानीपत।