माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। मौसम में अचानक आए बदलाव के साथ ही जिला नागरिक अस्पताल से लेकर निजी अस्पतालों और गांव के स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की संख्या अचानक बढ़ गई है। मौसम परिवर्तन के कारण शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक घर-घर में खांसी, जुकाम और तेज बुखार के मरीज सामने आ रहे हैं।
लोगों को पहले हल्की खांसी और गले में खराश की शिकायत हो रही है। इसके बाद उन्हें अचानक तेज बुखार आ रहा है। साथ ही प्लेटलेट्स भी कम हो रहे हैं। जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में रोजाना मरीजों की संख्या बढ़ गई है। अस्पताल में सुबह आठ बजे ही मरीज लाइन में लग जााते हैं और दोपहर बाद दो बजे तक लाइन कम नहीं होती।
बीमारी फैलने के साथ ही जिला नागरिक अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में जांच के लिए आने वाले नमूनों की संख्या में अप्रत्याशित बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जहां पहले सामान्य दिनों में रोजाना करीब 200 नमूने ही लिए जाते थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर प्रतिदिन 300 के पार पहुंच गई है।
नागरिक अस्पताल की फिजिशियन डॉ. जैसमीन ने बताया कि मौसम में आए बदलाव के कारण इस समय वायरल फीवर और सांस संबंधी संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। लोग अचानक ठंडे से गर्म या गर्म से ठंडे माहौल में जाने से बचें। इस मौसम में उबला हुआ या फिल्टर पानी पिएं, बासी भोजन और बाहर की तली-भुनी चीजों के सेवन से परहेज करें। यदि खांसी या बुखार के लक्षण दिखाई दें तो खुद से दवा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर से संपर्क करें।