माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में जिले के शहरी और ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र प्रपत्र जमा कराने के मामले में पीछे चल रहे हैं, जबकि इसराना विधानसभा क्षेत्र ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है।
प्रशासन के अनुसार प्रपत्र वितरण के साथ-साथ उनकी वापसी की प्रक्रिया भी अपेक्षा के अनुरूप गति नहीं पकड़ पा रही है। इसी कारण प्रशासन ने राजनीतिक दलों, औद्योगिक संगठनों, किसान और मजदूर संगठनों से सहयोग लेना शुरू किया है। जिले में एसआईआर के तहत अब तक कुल 92.37 प्रतिशत प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इनमें सबसे अधिक इसराना विधानसभा क्षेत्र में 99 प्रतिशत और समालखा में 97.89 प्रतिशत प्रपत्र बांटे गए हैं। वहीं पानीपत ग्रामीण में 91.99 प्रतिशत और पानीपत शहरी क्षेत्र में सबसे कम 82.95 प्रतिशत वितरण हुआ है।
प्रपत्र वापसी के मामले में स्थिति और कमजोर है। शहरी क्षेत्र में अब तक केवल 22 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्र में 32.97 प्रतिशत प्रपत्र ही वापस प्राप्त हुए हैं। इसके विपरीत इसराना में 55 प्रतिशत और समालखा में 47.5 प्रतिशत प्रपत्र वापस जमा हो चुके हैं।
जिले में 9.66 लाख से अधिक मतदाता : उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि जिले में कुल 9,66,687 मतदाता हैं। इनमें पानीपत ग्रामीण में 3,07,515, पानीपत शहरी में 2,47,812, इसराना में 1,82,887 और समालखा में 2,28,473 मतदाता शामिल हैं। जिले में 912 बीएलओ द्वारा प्रपत्र वितरण और संग्रह का कार्य किया जा रहा है, जिसमें प्रति बीएलओ औसतन 1060 मतदाता जुड़े हैं। अब तक 3,56,370 मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं, जो कुल का 36.87 प्रतिशत है, जबकि 61.57 प्रतिशत फॉर्म का डिजिटाइजेशन अभी बाकी है।
विदेश में रहने वाले मतदाताओं के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा दी गई है। किसी भी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया गया है। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी कित चौकसे, उप जिलाधिकारी मनदीप कुमार, अमित कुमार, नवदीप नैन और नगराधीश टीनू पोसवाल मौजूद रहे।